20 जुलाई तक पूरा होगा निर्माण
अयोध्या। श्रीराम जन्मभूमि मंदिर निर्माण समिति के अध्यक्ष नृपेंद्र मिश्र ने राम मंदिर में सामने आए चढ़ावा चोरी के मामले को “कलंक” बताते हुए कहा कि इस घटना से सभी श्रद्धालुओं और मंदिर से जुड़े लोगों को पीड़ा हुई है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए व्यवस्था में आवश्यक सुधार किए जाएंगे।
शनिवार को अयोध्या में पत्रकारों से बातचीत के दौरान नृपेंद्र मिश्र ने कहा कि लंबे संघर्ष और जनआंदोलन के बाद भगवान रामलला अपने भव्य मंदिर में विराजमान हुए हैं। ऐसे में चढ़ावे की चोरी जैसी घटना मंदिर की गरिमा पर धब्बा है और इसे गंभीरता से लिया गया है।
उन्होंने बताया कि श्रीराम जन्मभूमि मंदिर के नए मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) की नियुक्ति के लिए एक उच्चस्तरीय समिति गठित की गई है। समिति की संस्तुति के आधार पर श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट अंतिम निर्णय करेगा।
नृपेंद्र मिश्र ने कहा कि शनिवार को आयोजित बैठक का उद्देश्य केवल मंदिर निर्माण कार्यों की समीक्षा करना है। इसमें ट्रस्ट के पदाधिकारी शामिल नहीं होंगे, बल्कि निर्माण कार्य से जुड़ी एजेंसियों और कंपनियों के प्रतिनिधियों के साथ परियोजना की प्रगति और शेष कार्यों की समीक्षा की जाएगी।
उन्होंने उम्मीद जताई कि मंदिर निर्माण के शेष कार्य 20 जुलाई तक पूरे हो जाएंगे। साथ ही उन्होंने कहा कि निर्माण कार्य की गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा और सभी कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप पूरे किए जाएंगे।








