सोनिक। स्थानीय पॉवर हाउस के चमरौली द्वितीय फीडर से जुड़े 40 गांवों में पिछले 10 दिनों से बिजली आपूर्ति बे-पटरी है। कभी टहनियों की छटाई तो कभी जर्जर तारों की मरम्मत के नाम भी बिजली बंद रखी जाती है। रोजाना चार घंटे भी बिजली न मिल पपाने से उपभोक्ताओं में आक्रोश है।
सोनिक पावर हाउस के चमरौली द्वितीय फीडर से तारगांव, ओरहर, चांदपुर, रायपुर बुजुर्ग, जमुका व दुआ गांव के साथ इनके 40 मजरों की 25 हजार आबादी की विद्युत आपूर्ति होती है। उपभोक्ताओ में कल्लू सिंह, संतोष, ब्रजेश रावत, इरशाद, शिवम शुक्ला व शिव विनोद ने बताया कि आए दिन लाइन फाल्ट में बनी रहती है। जब फाल्ट सही होता है तब टहनियों की छटाई शुरू कर देते हैं। बृहस्पतिवार को दिन से लेकर रात 12 बजे लाइट फाल्ट में रही। उपभोक्ताओं ने इसकी शिकायत जेई रणवीर सिंह व अधिशाषी अभियंता से की। रात 12 बजे के बाद आपूर्ति चालू हो सकी। शुक्रवार सुबह पांच बजे फिर आपूर्ति ठप कर दी गई। बताया कि पिछले 10 दिनों से बिजली आपूर्ति धड़ाम है। 24 घंटे में मुश्किल से चार घंटे भी बिजली नहीं मिल पा रही है। उपभोक्ताओं ने चेतावनी दी है कि इस फीडर में विभाग द्वारा शीघ्र जर्जर तार बदलने व छटाई का कार्य नहीं कराया गया तो उपकेंद्र का घेराव करने को मजबूर होंगे। एक्सईएन हिमांशु गौतम ने बताया कि जेई से जानकारी लेकर बिजली आपूर्ति में सुधार कराया जाएगा।







