लखनऊ। दुबई से लखनऊ आ रहे एक यात्री विमान से लखनऊ एयरपोर्ट पर लैंडिंग से ठीक पहले पक्षी टकरा गया। घटना की सूचना मिलते ही एयर ट्रैफिक कंट्रोल (एटीसी) ने सतर्कता बरतते हुए विमान की सुरक्षित लैंडिंग कराई। विमान में सवार सभी 163 यात्री पूरी तरह सुरक्षित हैं।
जानकारी के अनुसार, एफडी-443 विमान दुबई से लखनऊ आ रहा था। जब विमान लखनऊ के वायुक्षेत्र में पहुंच चुका था, तभी उससे एक पक्षी टकरा गया। पायलट ने तत्काल इसकी सूचना एयर ट्रैफिक कंट्रोलर को दी।
चूंकि विमान लखनऊ एयरपोर्ट के निकट पहुंच चुका था, इसलिए एटीसी की निगरानी में विमान की सुरक्षित लैंडिंग कराई गई। घटना के बाद विमान की तकनीकी जांच की जा रही है।
इस घटना में किसी यात्री या चालक दल के सदस्य को कोई नुकसान नहीं पहुंचा। विमान में सवार सभी 163 यात्री सुरक्षित बताए गए हैं।








