2027 में फिर खिलेगा कमल” – आनंद अवस्थी का धमाकेदार बयान….
बीजेपी प्रदेश कार्यसमिति सदस्य आनंद अवस्थी बोले – विपक्ष राम मंदिर मुद्दे पर राजनीति कर रहा, सनातन समाज भाजपा के साथ खड़ा है।
अयोध्या। राम मंदिर में चढ़ावे को लेकर उठे विवाद के बीच भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश कार्यसमिति सदस्य एवं रेउसा विधानसभा क्षेत्र से जुड़े नेता आनंद अवस्थी (एडवोकेट) ने विपक्ष पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि “यह चंदा चोरी नहीं, बल्कि व्यवस्था की चूक थी।” उन्होंने स्पष्ट कहा कि दोषियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा और सरकार ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच के लिए एसआईटी का गठन किया है।
एक विशेष बातचीत में आनंद अवस्थी ने कहा कि राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट द्वारा जिन लोगों को चढ़ावे की गणना की जिम्मेदारी दी गई थी, यदि उनमें से किसी की नीयत खराब हुई है तो कानून अपना काम करेगा। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ स्वयं इस मामले को गंभीरता से ले रहे हैं और “दूध का दूध, पानी का पानी” करने के लिए एसआईटी जांच कराई जा रही है। दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा मिलेगी, जबकि निर्दोषों पर कोई आंच नहीं आने दी जाएगी।
विपक्ष के आरोपों पर पलटवार करते हुए अवस्थी ने कहा कि कुछ राजनीतिक दल राम मंदिर और चढ़ावे के मुद्दे को राजनीतिक हथियार बनाने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन सनातन समाज सब कुछ समझ रहा है। उन्होंने कहा कि भगवान श्रीराम का भव्य मंदिर 500 वर्षों के संघर्ष और करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था का प्रतीक है, जिसे बदनाम करने की साजिश सफल नहीं होगी।
उन्होंने विश्वास जताया कि सनातन समाज भारतीय जनता पार्टी के साथ मजबूती से खड़ा है और वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में भी उत्तर प्रदेश में भाजपा की सरकार दोबारा बनेगी। अवस्थी ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश में सुरक्षा, विकास और धार्मिक आस्था को नई पहचान मिली है।
अपने संदेश के अंत में आनंद अवस्थी ने विश्वभर के सनातन प्रेमियों को “जय श्रीराम” का संदेश देते हुए कहा कि अयोध्या की पावन भूमि संतों के आशीर्वाद से सदैव पवित्र रहेगी और समाज को बांटने वाले तत्वों को जनता स्वयं जवाब देगी।








