औरैया। अजीतमल कोतवाली की साइबर हेल्प डेस्क और साइबर थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने साइबर ठगी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए म्यूल बैंक खातों का संचालन कर ठगी की रकम के लेन-देन में शामिल छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया। साथ ही उनके बैंक खातों में मौजूद 10 हजार रुपये की धनराशि भी फ्रीज करा दी गई है।
पुलिस के अनुसार जांच में सामने आया कि गिरफ्तार आरोपी साइबर ठगी में इस्तेमाल होने वाले म्यूल बैंक खातों का संचालन करते थे। इन खातों के माध्यम से ठगी से प्राप्त धनराशि का लेन-देन कराया जाता था। पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों और साइबर ठगी के पूरे गिरोह के संबंध में जानकारी जुटा रही है।
गिरफ्तार आरोपियों में अजीतमल कोतवाली क्षेत्र के ग्राम सांफर निवासी रचित कुमार पुत्र भुन्नेश त्रिपाठी, अभिषेक कुमार पुत्र विजेंद्र पाल सिंह निवासी रतनपुर गढ़िया, रमन पुत्र सर्वेश शंखवार निवासी सांफर, करन सिंह पुत्र जगन्नाथ निवासी मोहारी, देवेंद्र सिंह पुत्र जगन्नाथ निवासी मोहारी तथा शिवम दुबे पुत्र कमलेश निवासी विलावा शामिल हैं।
पुलिस का कहना है कि साइबर अपराध और ऑनलाइन ठगी में शामिल गिरोहों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। ऐसे मामलों में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।







