लम्भुआ पुलिस की कार्रवाई में तीन शातिर बदमाश गिरफ्तार, सोने की चेन, लॉकेट, मोबाइल, नकदी, अवैध तमंचा और अपाचे बाइक बरामद।
सुलतानपुर। लम्भुआ थाना पुलिस ने तमंचे के बल पर दंपत्तियों और अकेली महिलाओं से लूटपाट करने वाले तीन शातिर बदमाशों को गिरफ्तार कर तीन लूट की वारदातों का खुलासा किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटी गई सोने की चेन, लॉकेट, वीवो मोबाइल, नकदी, एक अवैध तमंचा, दो जिंदा कारतूस और वारदात में प्रयुक्त अपाचे बाइक बरामद की है।
थानाध्यक्ष धीरज कुमार ने बताया कि 24 जून को सोनवरसा के पास बाइक सवार दंपत्ति से तमंचा दिखाकर चेन, पर्स और मोबाइल लूटे जाने की घटना की जांच की जा रही थी। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने पिलखिनी तिराहे के पास से पुष्पेन्द्र सिंह उर्फ प्रिंस, आशुतोष पाण्डेय और शिवा यादव को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ के दौरान आरोपियों ने पीपरपुर रेलवे स्टेशन के पास दो महिलाओं से लूटपाट और मोतिगरपुर क्षेत्र में एक महिला से सोने का लॉकेट लूटने की घटना में भी शामिल होने की बात स्वीकार की।
अपर पुलिस अधीक्षक बृज नारायण सिंह ने बताया कि मुख्य आरोपी ने नई अपाचे बाइक खरीदने के बाद अपने दो साथियों के साथ गिरोह बनाया था। तीनों सुनसान रास्तों पर दंपत्तियों और अकेली महिलाओं की रेकी कर उन्हें तमंचे के बल पर लूट का निशाना बनाते थे।
पुलिस आरोपियों के आपराधिक इतिहास की भी जांच कर रही है और यह पता लगाया जा रहा है कि वे अन्य जिलों में हुई लूट की घटनाओं में भी शामिल रहे हैं या नहीं।








