रहीमगंज में देर रात हुई दर्दनाक घटना, विधायक रामचंद्र यादव ने परिजनों को बंधाया ढांढस
अनिल मिश्रा
रुदौली (अयोध्या) ! रुदौली क्षेत्र के रहीमगंज गांव में खेत की रखवाली कर रहे एक 70 वर्षीय किसान की झोपड़ी में आग लगने से दर्दनाक मौत हो गई। घटना से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।जानकारी के अनुसार, रहीमगंज निवासी कमलेश कुमार उर्फ ‘भक्त’ (70) सोमवार रात अपने खेत की रखवाली के लिए ट्यूबवेल के पास बनी छप्पर की झोपड़ी में सोने गए थे। देर रात अचानक संदिग्ध परिस्थितियों में झोपड़ी में आग लग गई। जब तक ग्रामीण मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाते, तब तक किसान गंभीर रूप से झुलस चुके थे और उनकी मौके पर ही मौत हो गई।घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस आग लगने के कारणों की जांच कर रही है। प्रारंभिक तौर पर आग लगने के कारण स्पष्ट नहीं हो सके हैं।
घटना की जानकारी मिलते ही रुदौली विधायक रामचंद्र यादव भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने शोकाकुल परिवार से मिलकर गहरी संवेदना व्यक्त की तथा हरसंभव सहायता का आश्वासन दिया। विधायक ने संबंधित अधिकारियों को पीड़ित परिवार को शासन की ओर से मिलने वाली सभी सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए।इस दर्दनाक हादसे से रहीमगंज सहित आसपास के क्षेत्र में शोक का माहौल है।








