मुलायम सिंह यादव और अखिलेश यादव की तस्वीरों के साथ लिखे आपत्तिजनक शब्द, होर्डिंग हटाकर कार्रवाई की मांग
विनोद कुमार सिंह अंशु
बाराबंकी। शहर में एक बार फिर विवादित होर्डिंग सामने आने के बाद राजनीतिक माहौल गरमा गया। होर्डिंग में समाजवादी पार्टी के संस्थापक मुलायम सिंह यादव और पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव को मुस्लिम टोपी पहने हुए दर्शाया गया था। इसके साथ ही होर्डिंग पर “दिल में बाबर, मुँह में राम” जैसे आपत्तिजनक शब्द लिखे गए थे, जिससे सपा कार्यकर्ताओं में भारी नाराजगी फैल गई।
विवादित होर्डिंग की सूचना मिलते ही समाजवादी पार्टी के नेता ताज बाबा राईन अपने समर्थकों के साथ मौके पर पहुंचे। कार्यकर्ताओं ने होर्डिंग को भड़काऊ बताते हुए जोरदार विरोध प्रदर्शन किया और मौके पर लगे विवादित होर्डिंग व पोस्टरों को फाड़कर हटा दिया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग भी उठाई।
घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि विवादित होर्डिंग किसने लगवाया और इसके पीछे किसकी भूमिका है।
इस घटना के बाद शहर में राजनीतिक चर्चाएं तेज हो गई हैं। समाजवादी पार्टी के नेताओं का कहना है कि इस तरह के पोस्टरों के माध्यम से माहौल खराब करने और राजनीतिक वैमनस्य फैलाने की कोशिश की जा रही है। वहीं पुलिस का कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर जिम्मेदार लोगों की पहचान की जाएगी और साक्ष्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।








