संसद में मुद्दा उठाने का आश्वासन
टीचर्स फेडरेशन ऑफ इंडिया के आह्वान पर सैकड़ों शिक्षकों ने की मुलाकात, प्रधानमंत्री और केंद्रीय शिक्षा मंत्री से भी बात करने की बात कही सांसद ने
गोरखपुर, 14 जुलाई। टीचर्स फेडरेशन ऑफ इंडिया के राष्ट्रीय नेतृत्व के आह्वान पर मंगलवार को उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ के बैनर तले सैकड़ों शिक्षकों ने गोरखपुर के सांसद रवि किशन शुक्ला से मुलाकात कर अपनी विभिन्न मांगों से संबंधित ज्ञापन सौंपा। शिक्षकों ने विशेष रूप से DIET (डायट) से जुड़े गैर-शैक्षणिक कार्यों से शिक्षकों को मुक्त किए जाने की मांग उठाई।
जिला अध्यक्ष राजेश धर दूबे, जिला मंत्री श्रीधर मिश्रा और मंडलीय मंत्री ज्ञानेंद्र ओझा के नेतृत्व में पहुंचे शिक्षकों ने सांसद के समक्ष ज्ञापन का वाचन किया। सांसद रवि किशन ने शिक्षकों की मांगों को गंभीरता से सुनते हुए इस विषय पर विस्तार से चर्चा की।
सांसद ने शिक्षकों को आश्वस्त किया कि वे इस महत्वपूर्ण मुद्दे को संसद के आगामी मानसून सत्र में प्रमुखता से उठाएंगे। उन्होंने कहा कि वह स्वयं इस विषय में रुचि लेकर प्रधानमंत्री और केंद्रीय शिक्षा मंत्री से भी वार्ता करेंगे, ताकि शिक्षकों को गैर-शैक्षणिक कार्यों से स्थायी राहत मिल सके।
इस अवसर पर संगठन के जनपदीय एवं मंडलीय पदाधिकारियों के अलावा विभिन्न विकास खंडों के अध्यक्ष, मंत्री और बड़ी संख्या में शिक्षक मौजूद रहे। प्रमुख रूप से कोषाध्यक्ष सुधांशु मोहन सिंह, युगेश शुक्ला, अनिल चंद, राकेश दूबे, सुमंत सिंह, शिवेंद्र उपाध्याय, रितेश सिंह, महेंद्र चतुर्वेदी, बशिष्ठ तिवारी, अरविंद पांडेय, संपूर्णानंद पांडेय और धर्मेंद्र सिंह सहित सैकड़ों शिक्षक उपस्थित रहे।








