वाराणसी। चौक थाना पुलिस ने मानवीय संवेदनशीलता और त्वरित कार्रवाई का परिचय देते हुए नेपाल से काशी दर्शन के लिए आई एक मासूम बच्ची को महज एक घंटे के भीतर सकुशल खोजकर उसके परिजनों से मिला दिया।
नेपाल के विराटनगर निवासी विनीषा गट्टोराई अपने काका के साथ बाबा काल भैरव मंदिर दर्शन के लिए आई थीं। मंदिर के पास भीड़ के दौरान वह परिजनों से बिछड़ गईं। काफी तलाश के बाद भी बच्ची का पता नहीं चलने पर परिजन चौक थाने पहुंचे और पुलिस से मदद की गुहार लगाई।
मामले की जानकारी मिलते ही थाना प्रभारी दिलीप मिश्रा के निर्देशन में पुलिस टीम ने तत्काल खोज अभियान शुरू किया। पुलिस ने आसपास के क्षेत्रों में सघन तलाश के बाद करीब एक घंटे के भीतर बच्ची को सकुशल बरामद कर लिया।
इसके बाद बच्ची को सुरक्षित उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया। बेटी के सकुशल मिलने पर परिजनों ने चौक थाना पुलिस का आभार व्यक्त करते हुए उसकी त्वरित कार्रवाई और संवेदनशील कार्यशैली की जमकर सराहना की।








