वाराणसी। दशाश्वमेध थाना पुलिस की सतर्कता से एक सात वर्षीय बच्ची सुरक्षित बाल गृह पहुंचा दी गई। बच्ची दशाश्वमेध घाट पर अकेली बैठी मिली थी और अपने माता-पिता या घर का पता नहीं बता पा रही थी।
जानकारी के अनुसार, चौकी प्रभारी दशाश्वमेध उपनिरीक्षक अनुज मणि तिवारी और थाना दशाश्वमेध की एंटी रोमियो टीम प्रभारी महिला उपनिरीक्षक खुशबू सिंह अपनी टीम के साथ क्षेत्र में गश्त कर रहे थे। इसी दौरान घाट पर करीब सात वर्ष की एक बच्ची अकेली बैठी मिली। पूछताछ में बच्ची ने अपना नाम ‘तम्मो’ बताया, लेकिन वह अपने माता-पिता और निवास स्थान के बारे में कोई जानकारी नहीं दे सकी।
पुलिस टीम बच्ची को सुरक्षा के मद्देनजर थाने ले आई। इसके बाद घाटों और आसपास के क्षेत्रों में लोगों से पूछताछ की गई तथा विभिन्न माध्यमों से बच्ची के परिजनों का पता लगाने का प्रयास किया गया, लेकिन कोई सफलता नहीं मिली।
इसके बाद पुलिस ने नियमानुसार बच्ची को राजकीय बाल गृह (शिशु), दुर्गाकुंड में सुरक्षित दाखिल करा दिया। पुलिस की तत्परता से बच्ची किसी गलत व्यक्ति के हाथ लगने से बच गई।
दशाश्वमेध चौकी प्रभारी अनुज मणि तिवारी ने स्थानीय लोगों से अपील की है कि यदि कोई इस बच्ची को पहचानता हो या उसके परिजनों के बारे में जानकारी रखता हो, तो तत्काल थाना दशाश्वमेध पुलिस से संपर्क कर सूचना दें, ताकि बच्ची को उसके परिवार से मिलाया जा सके।







