संतकबीरनगर। सड़क सुरक्षा और स्कूली बच्चों की सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से संतकबीरनगर पुलिस ने बुधवार को जिले के विभिन्न विद्यालयों में विशेष सड़क सुरक्षा एवं यातायात जागरूकता अभियान चलाया। अभियान के दौरान स्कूली वाहनों का सत्यापन किया गया तथा छात्र-छात्राओं को यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया गया।
यातायात पुलिस की टीम ने सूर्य इंटरनेशनल एकेडमी, सेठ एम.आर. जयपुरिया स्कूल, नित्या पब्लिक स्कूल, एसकेएन एकेडमी, गेटवे एकेडमी, ब्लूमिंग बड्स, सिटी पब्लिक स्कूल, सेंट जेवियर्स स्कूल, माउंट वैली एकेडमी (खलीलाबाद), पीएमजीडी एकेडमी (मगहर) और आईबी एजुकेशनल एकेडमी (मेंहदावल) सहित कई विद्यालयों का निरीक्षण किया। इस दौरान छात्र-छात्राओं को हेलमेट और सीट बेल्ट के उपयोग, ट्रैफिक सिग्नलों के पालन, सड़क सुरक्षित तरीके से पार करने और अन्य यातायात नियमों की जानकारी दी गई।
अभियान के दौरान स्कूल बसों और अन्य स्कूली वाहनों की फिटनेस, परमिट, बीमा, पंजीकरण प्रमाणपत्र तथा अन्य आवश्यक दस्तावेजों की जांच की गई। अधिकांश वाहनों के अभिलेख सही पाए गए, जबकि जिन वाहनों में निर्धारित मानकों के अनुरूप कमियां मिलीं, उनके संचालकों को नोटिस जारी कर निर्धारित समय सीमा के भीतर खामियां दूर करने के निर्देश दिए गए।
यातायात पुलिस ने वाहन चालकों और परिचालकों को बच्चों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने, निर्धारित गति सीमा का पालन करने तथा सभी यातायात नियमों का कड़ाई से अनुपालन करने की हिदायत दी। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि इस तरह के अभियान आगे भी जारी रहेंगे, ताकि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सके और विद्यार्थियों में सुरक्षित यातायात के प्रति जागरूकता बढ़ाई जा सके।







