सरयू नदी में हाथ-पैर धोने गया था अनाथ बालक, महसी क्षेत्र के तिकुरी गांव में दर्दनाक हादसे से मातम
बहराइच। महसी तहसील के बौंडी थाना क्षेत्र स्थित तिकुरी गांव में घड़ियाल के हमले में 12 वर्षीय अनाथ बालक की दर्दनाक मौत ने पूरे इलाके को झकझोर दिया। गुरुवार दोपहर सरयू नदी में हाथ-पैर धोने गए बालक पर घड़ियाल ने हमला कर उसे गहरे पानी में खींच लिया। काफी प्रयास के बाद उसका शव बरामद किया गया।
इस हादसे का सबसे मार्मिक पहलू यह है कि मृतक सुनील सिंह (12) पहले ही अपने माता-पिता को खो चुका था। करीब सात वर्ष पहले उसकी मां का निधन हो गया था, जबकि दो वर्ष बाद पिता का भी साया सिर से उठ गया। माता-पिता की मौत के बाद सुनील अपने छोटे भाई-बहनों के साथ जीवन की कठिन परिस्थितियों से जूझ रहा था।
परिवार में चार भाई-बहनों में सबसे बड़ा सुनील ही था। गुरुवार को वह नदी किनारे गया था, तभी घड़ियाल ने उस पर हमला कर दिया और उसे पानी में खींच ले गया। ग्रामीणों ने उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन सफलता नहीं मिली।
घटना के बाद गांव में शोक की लहर है। सुनील की मौत के बाद उसके छोटे भाई-बहनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। पुलिस और वन विभाग ने घटना की पुष्टि करते हुए आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है।
यह हादसा एक बार फिर नदी किनारे बसे गांवों में घड़ियालों की मौजूदगी और लोगों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर रहा है।







