एक माह में ही फिर क्षतिग्रस्त हुआ संजय सेतु का ज्वाइंटर
बहराइच। बहराइच-लखनऊ राष्ट्रीय राजमार्ग पर जरवल रोड स्थित संजय सेतु की मरम्मत पर करीब ₹9 करोड़ खर्च किए जाने के बावजूद पुल का ज्वाइंटर फिर क्षतिग्रस्त हो गया है। मरम्मत कार्य पूरा होने के करीब एक माह के भीतर ही ज्वाइंटर में दोबारा गड्ढा (होल) बनने से कार्य की गुणवत्ता पर सवाल उठने लगे हैं।
जानकारी के अनुसार, संजय सेतु के ज्वाइंटर में लगातार खराबी आने की समस्या को देखते हुए राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) की ओर से लगभग ₹9 करोड़ की लागत से मरम्मत कराई गई थी। इस दौरान करीब दो माह तक पुल पर आवागमन भी प्रभावित रहा।
स्थानीय लोगों का कहना है कि मार्ग को यातायात के लिए खोले जाने के कुछ ही समय बाद ज्वाइंटर फिर से उखड़ गया है, जिससे दुर्घटना की आशंका बढ़ गई है। लोगों ने मरम्मत कार्य की गुणवत्ता की जांच कराने और पुल की तत्काल मरम्मत कराने की मांग की है।
फिलहाल इस संबंध में राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। यदि विभाग का पक्ष प्राप्त होता है तो उसे भी प्रमुखता से प्रकाशित किया जाएगा।







