चंदा चोरी से ध्यान भटकाने का लगाया आरोप
लखनऊ, 17 जुलाई 2026। उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष एवं पूर्व मंत्री अजय राय ने रामपुर स्थित मौलाना मोहम्मद अली जौहर विश्वविद्यालय के 38 भवनों को ध्वस्त करने के आदेश को लेकर योगी सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि यह कार्रवाई श्री राम जन्मभूमि मंदिर में कथित चंदा और चढ़ावे की चोरी के मामले से जनता का ध्यान हटाने के लिए की जा रही है।
प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में आयोजित प्रेसवार्ता में अजय राय ने रामपुर विकास प्राधिकरण के दस्तावेज दिखाते हुए दावा किया कि 15 जुलाई को सुबह 11 बजे सुनवाई हुई और उसी दिन शाम 4 बजे 38 भवनों को ध्वस्त करने का आदेश जारी कर दिया गया। उन्होंने इसे “पूर्व नियोजित और दुर्भावनापूर्ण कार्रवाई” बताया।
अजय राय ने कहा कि जौहर विश्वविद्यालय की स्थापना वर्ष 2005 में हुई थी, जबकि संबंधित क्षेत्र वर्ष 2024 में रामपुर विकास प्राधिकरण के दायरे में आया। ऐसे में नक्शा पास न होने के आधार पर कार्रवाई करना उचित नहीं है। उनका कहना था कि विश्वविद्यालय विधिवत अधिनियम के तहत स्थापित है और सभी आवश्यक मानकों का पालन करता है।
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार शिक्षा संस्थानों को कमजोर करने का काम कर रही है। उन्होंने कहा कि राज्य में बड़ी संख्या में सरकारी स्कूल बंद हुए हैं और इंजीनियरिंग व प्रबंधन संस्थान भी लगातार बंद हो रहे हैं। उन्होंने मेडिकल कॉलेजों में संसाधनों और स्टाफ की कमी का भी मुद्दा उठाया।
अजय राय ने आरोप लगाया कि यह कार्रवाई समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता आजम खान और उनके परिवार को राजनीतिक रूप से प्रताड़ित करने की कोशिश है। उन्होंने कहा कि जौहर विश्वविद्यालय में बड़ी संख्या में हिंदू छात्र पढ़ते हैं और सैकड़ों शिक्षक कार्यरत हैं, जिनके भविष्य पर भी इसका असर पड़ेगा।
उन्होंने सरकार से भाजपा और आरएसएस के कार्यालयों की भी जांच कराने की मांग करते हुए कहा कि यदि उनके भवनों के नक्शे स्वीकृत नहीं हैं तो उन पर भी बुलडोजर चलाया जाना चाहिए।
अजय राय ने कहा कि कांग्रेस इस मुद्दे पर सड़क से सदन तक संघर्ष करेगी और शिक्षा संस्थानों को बचाने के लिए आंदोलन चलाएगी।
प्रेसवार्ता में मीडिया विभाग के चेयरमैन डॉ. सी.पी. राय, पूर्व विधायक अखिलेश प्रताप सिंह, पूर्व विधायक संजय कपूर, पूर्व एमएलसी ओम प्रकाश तिवारी सहित कई कांग्रेस नेता उपस्थित रहे।






