भूजल संवर्धन सेमिनार में जल सखी-जल सहेलियों को किया सम्मानित, अधिकारियों को अधूरे कार्य जल्द पूरा करने के निर्देश
झांसी। उत्तर प्रदेश के जलशक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह शनिवार को झांसी दौरे पर रहे। उन्होंने भूजल संवर्धन सेमिनार में भाग लेकर जल संरक्षण, भूजल संवर्धन और जल जीवन मिशन की उपलब्धियों पर प्रकाश डाला। इस दौरान जल संरक्षण के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाली जल सखी और जल सहेलियों को सम्मानित भी किया गया।
झांसी के एक होटल में आयोजित सेमिनार में नमामि गंगे एवं जल जीवन मिशन के अपर मुख्य सचिव अनुराग श्रीवास्तव भी मौजूद रहे। कार्यक्रम में जल संरक्षण के महत्व पर चर्चा की गई और लोगों से वर्षा जल संचयन तथा जल के सदुपयोग का आह्वान किया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जलशक्ति मंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार जल संरक्षण और जल प्रबंधन को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है। उन्होंने कहा कि ‘हर घर नल, हर घर जल’ योजना के तहत गांव-गांव तक स्वच्छ पेयजल पहुंचाने का कार्य तेजी से किया जा रहा है।
पत्रकारों से बातचीत में स्वतंत्र देव सिंह ने कहा कि एक समय बुंदेलखंड गंभीर जल संकट के लिए जाना जाता था, लेकिन सरकार के प्रयासों से अब हालात में उल्लेखनीय सुधार हुआ है। उन्होंने बताया कि प्रदेश में अब तक 18,664 तालाबों की खुदाई कराई जा चुकी है और जल संरक्षण को जन आंदोलन बनाने की दिशा में लगातार कार्य किए जा रहे हैं।
सेमिनार के बाद जलशक्ति मंत्री ने विभागीय अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। उन्होंने अधूरे कार्यों को शीघ्र पूरा करने, योजनाओं की गुणवत्ता बनाए रखने तथा सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के निर्देश दिए।
बैठक के बाद मंत्री का काफिला चिरगांव विकासखंड के बरल गांव के लिए रवाना हुआ, जहां उन्होंने जल जीवन मिशन के अंतर्गत आयोजित जल अर्पण समारोह और जल चौपाल में भाग लेकर ग्रामीणों से संवाद किया।







