खैरीगढ़–सिंगाही मार्ग पर घेराबंदी कर 70 किलो धरती फूल बरामद, अज्ञात चालक के खिलाफ वन अधिनियम में केस दर्ज
लखीमपुर खीरी। उत्तर निघासन रेंज बेलरायां के वन विभाग ने गुरुवार देर रात खैरीगढ़–सिंगाही मार्ग पर बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 70 किलो धरती फूल (मशरूम) से लदी एक पिकअप वाहन बरामद की। कार्रवाई के दौरान चालक अंधेरे का फायदा उठाकर वाहन छोड़कर फरार हो गया। वन विभाग उसकी तलाश में जुटा है।
उत्तर निघासन रेंज के रेंजर भूपेंद्र सिंह ने बताया कि वन विभाग की टीम नियमित गश्त पर थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि धरती फूल से लदी एक पिकअप खैरीगढ़ की ओर से सिंगाही मार्ग पर आने वाली है। सूचना के आधार पर टीम ने सिंगाही–खैरीगढ़ मार्ग पर घेराबंदी कर वाहनों की जांच शुरू कर दी।
कुछ देर बाद संदिग्ध पिकअप को रोककर तलाशी ली गई। जांच के दौरान वाहन में रखी तीन बोरियों से करीब 70 किलो धरती फूल बरामद हुआ। वन विभाग की कार्रवाई के दौरान चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। टीम ने पिकअप को कब्जे में लेकर रेंज कार्यालय पहुंचा दिया।
रेंजर भूपेंद्र सिंह ने बताया कि मामले में अज्ञात चालक के विरुद्ध भारतीय वन अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज कर लिया गया है। फरार चालक की पहचान कर उसके विरुद्ध आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
वन विभाग का कहना है कि वन संपदा की अवैध निकासी और तस्करी पर लगातार निगरानी रखी जा रही है तथा ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।







