नरक से नई जिंदगी की ओर: रामलला के दर्शन के साथ समाज की मुख्यधारा से जोड़ने और सम्मानजनक जीवन के लिए किया प्रेरित
Report आनंद त्रिपाठी अयोध्या
अयोध्या। आनंद त्रिपाठी। रामनगरी अयोध्या में एक अनूठी सामाजिक पहल के तहत 50 से अधिक सेक्स वर्कर महिलाओं का एक दल दर्शन और आध्यात्मिक यात्रा के लिए पहुंचा। इस पहल का उद्देश्य महिलाओं को सामाजिक स्वीकार्यता, आत्मसम्मान और सम्मानजनक जीवन की ओर प्रेरित करना बताया गया।
श्री साई सेवा संस्था द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम के दौरान महिलाओं ने भगवान श्रीराम के दर्शन किए और अयोध्या के प्रमुख धार्मिक स्थलों का भ्रमण किया। संस्था का कहना है कि यह पहल केवल धार्मिक यात्रा तक सीमित नहीं है, बल्कि इन महिलाओं को समाज की मुख्यधारा से जोड़ने और पुनर्वास की दिशा में सकारात्मक वातावरण तैयार करने का प्रयास भी है।
टीवी 27 से बातचीत में इस पहल में शामिल महिलाओं ने अपने जीवन के संघर्ष साझा किए। उन्होंने बताया कि विभिन्न सामाजिक और आर्थिक परिस्थितियों के कारण वे इस पेशे में आईं, लेकिन अब सम्मान और आत्मनिर्भरता के साथ नया जीवन शुरू करने की इच्छा रखती हैं।
श्री साई सेवा संस्था की अध्यक्ष स्वामी सिंह ने कहा कि संस्था का उद्देश्य इन महिलाओं को सम्मान, आत्मविश्वास और नई पहचान दिलाने में सहयोग करना है। उन्होंने कहा कि समाज यदि संवेदनशील दृष्टिकोण अपनाए तो कठिन परिस्थितियों में जीवन बिता रहे लोगों को भी नई शुरुआत का अवसर मिल सकता है।
यह पहल सामाजिक पुनर्वास, गरिमा और समावेशन की दिशा में एक सकारात्मक प्रयास के रूप में देखी जा रही है।





















