कोतवाली सदर का घेराव
लखीमपुर खीरी। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव की गिरफ्तारी की खबर के बाद लखीमपुर खीरी में सपा कार्यकर्ताओं में भारी आक्रोश फैल गया। बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता कोतवाली सदर पहुंच गए और पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए कोतवाली का घेराव कर दिया।
प्रदर्शन के दौरान सपा कार्यकर्ताओं ने अखिलेश यादव की गिरफ्तारी का विरोध करते हुए सरकार के खिलाफ जमकर नारे लगाए। कोतवाली परिसर में काफी देर तक हंगामा और विरोध प्रदर्शन चलता रहा। मौके पर पुलिस बल तैनात रहा और अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों को शांत कराने का प्रयास किया।
स्थिति को देखते हुए कोतवाली परिसर और आसपास सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई। पुलिस अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों से वार्ता कर उन्हें शांतिपूर्वक अपनी बात रखने की अपील की। समाचार लिखे जाने तक प्रदर्शन जारी रहने की सूचना है। वहीं, प्रशासन पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए है।






