खजूरी बाजार में दिनदहाड़े फायरिंग से मची सनसनी
खाद खरीदने गया था युवक, घुटने के पास लगी गोली; पुलिस ने घायल को अस्पताल भेजा, आरोपियों की तलाश तेज
अंबेडकरनगर। मालीपुर थाना क्षेत्र के खजूरी बाजार में मंगलवार को दिनदहाड़े एक युवक पर फायरिंग की घटना से इलाके में सनसनी फैल गई। गोली लगने के बाद घायल युवक जान बचाने के लिए भागा, जबकि भीड़ जुटती देख हमलावर कार से फरार हो गए। पुलिस ने घायल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, जलालपुर में भर्ती कराया, जहां उसका उपचार जारी है।
पुलिस के अनुसार, घायल युवक की पहचान अतुल कुमार यादव (23) पुत्र अरुण कुमार यादव, निवासी हाजीपुर, थाना मालीपुर के रूप में हुई है। अतुल ने बताया कि वह अपराह्न खजूरी बाजार खाद खरीदने गया था। खाद की दुकान पर भीड़ होने के कारण वह पास की चाय-समोसा की दुकान पर बैठकर नाश्ता कर रहा था।
इसी दौरान कार से चार नामजद और एक अज्ञात व्यक्ति वहां पहुंचे। आरोप है कि वाहन से उतरते ही एक हमलावर ने उस पर फायर कर दिया। गोली उसके घुटने के पास लगी। घायल होने के बावजूद वह जान बचाने के लिए दौड़ पड़ा। फायरिंग की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचने लगे, जिसके बाद आरोपी कार से फरार हो गए।
सूचना मिलने पर मालीपुर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवक को एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, जलालपुर भेजा। चिकित्सकों के अनुसार युवक की हालत फिलहाल खतरे से बाहर है और उसका उपचार जारी है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, घायल युवक और आरोपी पहले आपस में मित्र थे। किसी पुराने विवाद के चलते दोनों पक्षों के बीच रंजिश चल रही थी। पुलिस भी प्रारंभिक जांच में पुरानी रंजिश के पहलू को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।
थानाध्यक्ष शशांक कुमार शुक्ला ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। घायल को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीमें गठित कर दी गई हैं और मामले की जांच जारी है।





















