‘प्रेस’ लिखे वाहनों की जांच और पत्रकारों के सत्यापन की उठी मांग, प्रशासन ने विशेष अभियान चलाने का दिया भरोसा
मथुरा। ब्रज प्रेस क्लब के नेतृत्व में प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक, डिजिटल मीडिया और सोशल मीडिया से जुड़े पत्रकारों ने मंगलवार को जिलाधिकारी सी.पी. सिंह और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्लोक कुमार को ज्ञापन सौंपकर फर्जी पत्रकारों तथा ‘प्रेस’ लिखे वाहनों के विरुद्ध विशेष अभियान चलाने की मांग की। प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि पत्रकारिता की आड़ में अवैध गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई की जानी चाहिए।
ज्ञापन पर जिलाधिकारी सी.पी. सिंह ने आश्वासन दिया कि फर्जी पत्रकारों की पहचान के लिए सघन जांच कराई जाएगी। उन्होंने कहा कि यदि कोई व्यक्ति पत्रकार बनकर अपराध या अवैध गतिविधियों में संलिप्त पाया गया तो उसके विरुद्ध नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
वहीं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्लोक कुमार ने कहा कि पत्रकारों के सत्यापन की प्रक्रिया पुलिस, जिला सूचना विभाग और गुप्तचर तंत्र के माध्यम से कराई जाएगी। सत्यापन के बाद ही आवश्यक पास एवं मान्यता संबंधी कार्रवाई की जाएगी।
ब्रज प्रेस क्लब के अध्यक्ष डॉ. कमलकांत उपमन्यु (एडवोकेट) ने कहा कि पत्रकारिता की स्वतंत्रता और जवाबदेही को ध्यान में रखते हुए यह अभियान शुरू किया जा रहा है। इसका उद्देश्य वास्तविक पत्रकारों को परेशान करना नहीं, बल्कि पत्रकारिता की आड़ में ब्लैकमेलिंग, चौथ वसूली, अवैध उगाही और अन्य आपराधिक गतिविधियों में शामिल फर्जी लोगों की पहचान कराना है।
उन्होंने बताया कि जुलाई के अंतिम सप्ताह से पूरे ब्रज क्षेत्र में प्रशासन और पुलिस के सहयोग से विशेष अभियान चलाया जाएगा। साथ ही प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक, डिजिटल मीडिया और यूट्यूब से जुड़े जिम्मेदार पत्रकारों से इस अभियान में सहयोग करने की अपील की गई।
पत्रकारों ने प्रशासन को बताया कि फर्जी पत्रकार न केवल समाज, व्यापारिक प्रतिष्ठानों और धार्मिक स्थलों की छवि को नुकसान पहुंचाते हैं, बल्कि वीआईपी सुरक्षा के लिए भी चुनौती बन सकते हैं। इसलिए ऐसे लोगों की पहचान कर उनके विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई आवश्यक है।
ब्रज प्रेस क्लब ने स्पष्ट किया कि यह अभियान किसी व्यक्ति विशेष के विरुद्ध नहीं, बल्कि पत्रकारिता की गरिमा, विश्वसनीयता और लोकतंत्र के चौथे स्तंभ की प्रतिष्ठा बनाए रखने के उद्देश्य से चलाया जाएगा।






