उन्नाव। लोकनगर मोहल्ले में हिस्ट्रीशीटर ने दो दिन पहले पत्नी और बेटी को रॉड से पीटकर जान से मारने की कोशिश की। पत्नी की तहरीर पर आरोपी के खिलाफ हत्या के प्रयास की प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस ने अदालत में पेश कर जेल भेजा है। आरोपी पर पहले से 19 मामले दर्ज हैं।
सदर कोतवाली के लोकनगर मोहल्ला निवासी मंजू यादव ने बताया कि पति अंशू उर्फ अनुराग यादव शराब पीने के बाद मुझे और नाबालिग बेटी को आए दिन पीटता है। 20 जुलाई को नशे में घर आया और लोहे की रॉड उठाकर मुझे और बेटी को पीटा। पीड़िता ने कोतवाली में तहरीर देकर पति अंशू के खिलाफ जानलेवा हमले की प्राथमिकी दर्ज कराई थी। पुलिस आरोपी की तलाश कर रही थी। मंगलवार देर रात उसी के घर से पुलिस ने गिरफ्तार कर बुधवार को जेल भेजा है। आरोपी के पास से लोहे की रॉड भी बरामद हुई है।
कोतवाल चंद्रकांत मिश्र ने बताया कि आरोपी के खिलाफ सदर कोतवाली और माखी में अलग-अलग 19 मामले दर्ज हैं। पत्नी की तहरीर पर प्राथमिकी दर्ज कर जेल भेजा गया है





















