गोरखपुर में विशाल सर्राफा व्यापारी समागम: , बोले राष्ट्रीय अध्यक्ष मुकुल वर्मा
गोरखपुर। ऑल इंडिया ज्वेलर्स एसोसिएशन एवं ऑल इंडिया स्वर्णकार समाज एसोसिएशन के संयुक्त तत्वावधान में शनिवार को गोरखपुर के रामलीला मैदान में विशाल सर्राफा व्यापारी समागम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में गोरखपुर सहित आसपास के जिलों से बड़ी संख्या में आभूषण व्यापारियों ने भाग लिया और संगठन की एकजुटता का परिचय दिया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता एसोसिएशन के प्रदेश उपाध्यक्ष शरद चंद्र अग्रहरी ने की। आयोजन का शुभारंभ अतिथियों ने महाराजा अजमीढ़ जी के चित्र पर माल्यार्पण कर किया।
मुख्य अतिथि एवं राष्ट्रीय अध्यक्ष मुकुल वर्मा ने कहा कि संगठन देश के हर छोटे-बड़े सर्राफा व्यापारी के मान-सम्मान और अधिकारों की रक्षा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि सरकार को व्यापारियों की सुरक्षा और हितों को ध्यान में रखकर नीतियां बनानी चाहिए।
प्रदेश अध्यक्ष लोकेश अग्रवाल ने अपने संबोधन में कहा कि बदलते समय के साथ व्यापारियों को तकनीकी बदलाव अपनाने होंगे। उन्होंने भरोसा दिलाया कि संगठन व्यापारियों की समस्याओं के समाधान के लिए प्रशासन से लगातार संवाद बनाए रखेगा।
एस्परा डायमंड ग्रुप के स्वामी अतुल सर्राफ ने कहा कि शुद्धता, पारदर्शिता और ग्राहकों का विश्वास ही सर्राफा कारोबार की सबसे बड़ी पूंजी है। इसी के बल पर उद्योग को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया जा सकता है।
सर्राफा मंडल के संरक्षक पुष्पदंत जैन ने कहा कि व्यापारी हितों से कोई समझौता नहीं किया जाएगा, जबकि मंडल अध्यक्ष गणेश वर्मा ने व्यापारिक सुरक्षा और प्रगति के लिए आपसी एकता को सबसे बड़ी ताकत बताया।
अध्यक्षीय संबोधन में शरद चंद्र अग्रहरी ने कहा कि व्यापारियों की सुरक्षा संगठन की सर्वोच्च प्राथमिकता है और आज का सर्राफा व्यापारी आत्मनिर्भर एवं सक्षम है।
समागम के दौरान समाज और व्यापार क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वाले समाजसेवियों एवं युवा उद्यमियों को सम्मानित भी किया गया। कार्यक्रम के अंत में आयोजन समिति ने सभी अतिथियों, पदाधिकारियों और व्यापारियों का आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर राजीव प्रताप सिंह, राकेश वर्मा, पल्लू वर्मा, आनंद शंकर वर्मा, अशोक वर्मा, नीरज सर्राफ, बंशीधर वर्मा, महेश वर्मा, मनोज सर्राफ, ऋषि मोहन वर्मा, संतोष वर्मा, रितेश अग्रहरी, विमल अग्रहरी, जय कुमार अग्रहरी, हरिओम वर्मा, गोपाल सिंह वर्मा, अनिल बरनवाल, जया वर्मा, रेनू वर्मा, निधि वर्मा और अंजू अग्रवाल सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी एवं आभूषण व्यवसायी मौजूद रहे।







