दो युवक आयकर विभाग के हवाले
पीडीडीयू नगर (चंदौली)। पीडीडीयू जंक्शन पर शनिवार तड़के जीआरपी और आरपीएफ की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए श्रमजीवी एक्सप्रेस के जनरल कोच से 13 लाख 33 हजार 500 रुपये नकद बरामद किए। नकदी के साथ पकड़े गए दो युवक रुपये से संबंधित कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके। सूचना पर पहुंची आयकर विभाग वाराणसी की टीम दोनों आरोपियों और बरामद नकदी को अपने साथ ले गई। मामले में आगे की कार्रवाई आयकर विभाग करेगा।
जीआरपी प्रभारी निरीक्षक सुनील कुमार सिंह ने बताया कि अपराध नियंत्रण और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के लिए पीडीडीयू जंक्शन पर जीआरपी और आरपीएफ की संयुक्त टीम लगातार गश्त व चेकिंग अभियान चला रही है। इसी क्रम में शनिवार सुबह करीब 3:30 बजे प्लेटफॉर्म संख्या-2 पर पहुंची श्रमजीवी एक्सप्रेस के जनरल कोच की जांच की गई।
चेकिंग के दौरान दो युवक संदिग्ध अवस्था में मिले। उनके बैग की तलाशी लेने पर बड़ी मात्रा में नकदी बरामद हुई। पूछताछ के दौरान दोनों रुपये के संबंध में कोई वैध दस्तावेज या संतोषजनक जवाब नहीं दे सके।
पकड़े गए युवकों ने अपनी पहचान वारिस और फईम निवासी सिरसलेड़ा, थाना मुंडापांडे, जिला मुरादाबाद के रूप में बताई। बरामद नकदी की गिनती करने पर कुल 13,33,500 रुपये मिले। इसके बाद जीआरपी ने आयकर विभाग को सूचना दी। मौके पर पहुंची आयकर विभाग की टीम ने नकदी और दोनों युवकों को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।







