देशभर से जुटे 150 से अधिक प्रतिनिधि
अयोध्या। जेसीआई एल्युमिनाई क्लब के राष्ट्रीय कार्यक्रम ‘परम्परा’ का शुभारंभ शुक्रवार को देवकाली स्थित रघुकुल सदन में भव्य समारोह के साथ हुआ। देश के विभिन्न राज्यों से आए 150 से अधिक प्रतिनिधियों की उपस्थिति में दीप प्रज्ज्वलन कर कार्यक्रम का विधिवत उद्घाटन किया गया।
कार्यक्रम संयोजक अरुण कुमार अग्रवाल ने बताया कि उद्घाटन समारोह में राष्ट्रीय चेयरमैन नरेन करिअप्पा, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष वनीत बंसल और रंजीव करूप, पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राखी जैन, मंडल चेयरमैन मुकुल अग्रवाल, आलोक अग्रवाल, श्रीराम अग्रवाल, संजीव पोद्दार तथा मंडलाध्यक्ष गौरव सेठ सहित कई गणमान्य अतिथियों ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
समारोह के दौरान मंडल उपाध्यक्ष अमित भार्गव ने संगठन की स्मारिका का विमोचन किया। राष्ट्रीय कार्यक्रम ‘परम्परा’ में केरल, तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश, पश्चिम बंगाल, झारखंड, पंजाब, हरियाणा और उत्तर प्रदेश सहित विभिन्न राज्यों से 150 से अधिक प्रतिनिधियों ने सहभागिता की।
कार्यक्रम का संचालन अश्विनी कुमार ने किया। समापन पर मंडल सचिव अजय शर्मा ने सभी अतिथियों और प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया। आयोजन में संगठन की परंपराओं के संरक्षण, सामाजिक सरोकारों को बढ़ावा देने और राष्ट्रीय एकता को मजबूत करने पर विशेष बल दिया गया।





















