संतकबीरनगर। कम्युनिटी पुलिसिंग और मिशन शक्ति अभियान के तहत थाना महुली पुलिस ने समाज के बुजुर्गों, दिव्यांगजनों और महिलाओं के बीच पहुंचकर उनकी समस्याएं सुनीं तथा उन्हें सरकारी जनकल्याणकारी योजनाओं और सुरक्षा संबंधी सुविधाओं की जानकारी दी। पुलिस की इस मानवीय पहल को क्षेत्रवासियों ने सराहा।
पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना के निर्देशन में चलाए गए अभियान के तहत महुली पुलिस की कम्युनिटी पुलिसिंग यूनिट और मिशन शक्ति टीम ने क्षेत्र के विभिन्न गांवों और मोहल्लों का भ्रमण किया। इस दौरान पुलिसकर्मी वृद्धों और दिव्यांगजनों के घर-घर पहुंचे, उनका हालचाल जाना और उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए आवश्यक सहायता, मार्गदर्शन एवं समाधान का भरोसा दिलाया।
अभियान के दौरान पुलिस टीम ने बुजुर्गों, दिव्यांगजनों और महिलाओं को सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं, पेंशन, स्वास्थ्य सुविधाओं, सहायता कार्यक्रमों तथा सुरक्षा उपायों की जानकारी भी दी। साथ ही किसी भी प्रकार की परेशानी, उत्पीड़न या आपात स्थिति में तत्काल पुलिस हेल्पलाइन और स्थानीय पुलिस से संपर्क करने के लिए प्रेरित किया।
ग्रामीणों ने पुलिस की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह लोगों के बीच पहुंचकर संवाद स्थापित करने से सुरक्षा और विश्वास की भावना मजबूत होती है।
महुली पुलिस ने कहा कि पुलिसिंग का उद्देश्य केवल कानून-व्यवस्था बनाए रखना नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक वर्ग के साथ संवेदनशील संवाद स्थापित कर उनकी समस्याओं के समाधान का प्रयास करना भी है। कम्युनिटी पुलिसिंग के माध्यम से पुलिस और जनता के बीच विश्वास, सहयोग और आत्मीयता को और सुदृढ़ बनाया जा रहा है।




















