संतकबीरनगर। महुली पुलिस और सोशल मीडिया सेल की त्वरित एवं संवेदनशील कार्रवाई से रास्ता भटककर थाना पहुंचे एक मासूम बालक को सकुशल उसके परिजनों से मिलवा दिया गया। संतकबीरनगर और बस्ती पुलिस के समन्वित प्रयास से बालक सुरक्षित अपने परिवार तक पहुंच सका। पुलिस की इस मानवीय पहल पर परिजनों ने पूरी टीम का आभार जताया।
पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना के निर्देशन तथा क्षेत्राधिकारी धनघटा अभयनाथ मिश्रा के पर्यवेक्षण में थानाध्यक्ष दुर्गेश पाण्डेय और उनकी टीम ने सोशल मीडिया सेल के सहयोग से बालक की पहचान कराने के लिए तत्काल अभियान शुरू किया।
शनिवार को एक मासूम बालक भटकते हुए थाना महुली पहुंच गया। पुलिस ने उसे सुरक्षित संरक्षण में लेकर पूछताछ की, लेकिन वह अपने परिजनों का मोबाइल नंबर या पूरा पता स्पष्ट रूप से नहीं बता सका। इसके बाद थाना महुली पुलिस ने तत्काल सोशल मीडिया सेल को सूचना दी।
सोशल मीडिया सेल ने बालक की जानकारी विभिन्न माध्यमों से प्रसारित की और जनपद बस्ती की सोशल मीडिया सेल से समन्वय स्थापित किया। दोनों जनपदों के संयुक्त प्रयास से बालक के परिजनों का पता लगाया गया और उनसे संपर्क किया गया।
सूचना मिलने पर परिजन थाना महुली पहुंचे। आवश्यक सत्यापन और विधिक औपचारिकताएं पूरी करने के बाद बालक अभिनंदन को सकुशल उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।
अपने बेटे को सुरक्षित पाकर परिजन भावुक हो उठे। उन्होंने महुली पुलिस और सोशल मीडिया सेल की तत्परता, संवेदनशीलता एवं मानवीय कार्यशैली की सराहना करते हुए कहा कि समय पर की गई पुलिस कार्रवाई ने उनके परिवार की खुशियां वापस लौटा दीं।
संतकबीरनगर पुलिस ने आमजन से अपील की है कि यदि कोई बच्चा या व्यक्ति भटका हुआ अथवा असहाय अवस्था में मिले तो तत्काल निकटतम पुलिस थाना या पुलिस हेल्पलाइन को सूचना दें। समय पर दी गई सूचना किसी बिछड़े परिवार को दोबारा मिलाने का माध्यम बन सकती है।




















