युवाओं को मिलेगा बड़ा मंच
अयोध्या। अयोध्या और पूर्वांचल के प्रतिभाशाली युवाओं को कला और खेल के क्षेत्र में नई पहचान दिलाने के उद्देश्य से जय सियाराम ग्रुप ऑफ एंड वेलफेयर सोसायटी ने रविवार को होटल श्री पार्क में ‘हम हैं सुपर स्टार (टैलेंट हंट)’ और JSR अवध प्रीमियर लीग का आधिकारिक शुभारंभ किया। प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान आयोजकों ने दोनों आयोजनों की विस्तृत रूपरेखा साझा करते हुए युवाओं को बड़ा मंच देने की घोषणा की।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि संजय तिवारी रहे, जबकि विजय प्रताप सिंह और नुब्बार तिवारी विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे। इस अवसर पर संस्था की अध्यक्षा सीमा मिश्रा, मैनेजर डॉ. शशिकांत मिश्रा, डायरेक्टर दीपक तिवारी, सीईओ राम आशीष यादव तथा अयोध्या क्रिकेट एसोसिएशन के सचिव रजनीकांत उपाध्याय ने संयुक्त रूप से आयोजन की जानकारी दी।
आयोजकों के अनुसार ‘हम हैं सुपर स्टार’ टैलेंट हंट के माध्यम से गायन, नृत्य, अभिनय और अन्य सांस्कृतिक विधाओं से जुड़े प्रतिभागियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिलेगा। वहीं JSR अवध प्रीमियर लीग क्षेत्र के उभरते क्रिकेट खिलाड़ियों को अपनी खेल प्रतिभा दिखाने और आगे बढ़ने का मंच प्रदान करेगी।
उन्होंने बताया कि इन आयोजनों में अयोध्या सहित पूर्वांचल के लगभग आठ जिलों के प्रतिभागी हिस्सा लेंगे। इससे स्थानीय युवाओं को अपनी प्रतिभा निखारने और बड़े स्तर पर पहचान बनाने का अवसर मिलेगा।
प्रेस वार्ता में आयोजकों ने कहा कि संस्था भविष्य में भी युवाओं के कौशल विकास, खेल और सांस्कृतिक गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए ऐसे कार्यक्रम लगातार आयोजित करती रहेगी।
कार्यक्रम में हर्ष प्रताप, डॉ. आदर्श श्रीवास्तव, दीपक तिवारी, अनिल, अखण्ड, राहुल, प्रवीण सहित अनेक गणमान्य नागरिक एवं सहयोगी उपस्थित रहे।







