माध्यमिक शिक्षा विभाग से एक भी दावेदार नहीं
उन्नाव। राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार 2026 के लिए जिले से बेहद कम आवेदन सामने आए हैं। बेसिक शिक्षा विभाग के करीब 11,200 शिक्षकों में से केवल दो शिक्षकों ने ऑनलाइन आवेदन किया है, जबकि माध्यमिक शिक्षा विभाग से एक भी शिक्षक ने आवेदन नहीं किया। आवेदन की अंतिम तिथि 20 जुलाई थी।
राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार प्रत्येक वर्ष 5 सितंबर को शिक्षक दिवस के अवसर पर राष्ट्रपति द्वारा शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले शिक्षकों को प्रदान किया जाता है।
बेसिक शिक्षा विभाग से दो शिक्षकों ने किया आवेदन
बेसिक शिक्षा विभाग से बीघापुर ब्लॉक के पाली उच्च प्राथमिक विद्यालय की सहायक शिक्षिका प्रज्ञा त्रिवेदी और बिछिया ब्लॉक के दुआ उच्च प्राथमिक विद्यालय के शिक्षक आदित्य कुमार ने राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार के लिए आवेदन किया है।
प्रज्ञा त्रिवेदी को वर्ष 2023 में राज्य शिक्षक पुरस्कार से सम्मानित किया जा चुका है। जिले में बेसिक शिक्षा विभाग के लगभग 11,200 शिक्षक कार्यरत हैं, लेकिन इसके बावजूद केवल दो आवेदन ही प्राप्त हुए।
माध्यमिक शिक्षा विभाग से नहीं आया कोई आवेदन
माध्यमिक शिक्षा विभाग की स्थिति और भी निराशाजनक रही। जिले के राजकीय विद्यालयों में 234 तथा सहायता प्राप्त विद्यालयों में 754 शिक्षक कार्यरत हैं, लेकिन इनमें से किसी ने भी राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार के लिए आवेदन नहीं किया।
आगे होगी चयन प्रक्रिया
जिला विद्यालय निरीक्षक (डीआईओएस) सुनीलदत्त ने बताया कि राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार के लिए जिले स्तर पर चयन प्रक्रिया पूरी कर प्रस्ताव माध्यमिक शिक्षा निदेशक कार्यालय भेज दिया गया है। इसके बाद आगे की प्रक्रिया राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर पूरी की जाएगी।







