बॉलीवुड अभिनेत्री सना सुल्ताना रहीं आकर्षण का केंद्र
अजय दीक्षित, उन्नाव | अमृत उजाला न्यूज़
उन्नाव शहर के निराला प्रेक्षागृह में रविवार को साईं डांस अकैडमी, उन्नाव की सेमी वर्मा एवं गुरुकुल डांस अकैडमी की शैलू वर्मा के संयुक्त तत्वावधान में ‘डांस के बाप’ कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। सुबह 11 बजे से रात 10 बजे तक चले इस सांस्कृतिक आयोजन में जिले के प्रतिभाशाली बच्चों और युवाओं ने अपनी शानदार नृत्य प्रस्तुतियों से दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया।
कार्यक्रम में नन्हे-मुन्ने बच्चों से लेकर युवा प्रतिभागियों तक ने विभिन्न गीतों पर मनमोहक प्रस्तुतियां देकर खूब तालियां बटोरीं। उनकी ऊर्जा और प्रतिभा ने पूरे सभागार का माहौल उत्साह से भर दिया।
इस अवसर पर अमेरिका से आईं जूली तथा मुंबई से पहुंचीं बॉलीवुड अभिनेत्री एवं सेलिब्रिटी गेस्ट सना सुल्ताना विशेष आकर्षण रहीं। दोनों अतिथियों ने मंच पर अपनी उपस्थिति से कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई और दर्शकों का दिल जीत लिया।
कार्यक्रम के दौरान उन्नाव सदर विधायक पंकज गुप्ता एवं नगर पालिका अध्यक्ष श्वेता मिश्रा को सम्मानित किया गया। इसके अलावा जनपद के कई वरिष्ठ नागरिकों एवं समाज के विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले सम्मानित व्यक्तियों को प्रतीक चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया।
आयोजकों ने कहा कि इस प्रकार के सांस्कृतिक आयोजनों का उद्देश्य बच्चों और युवाओं की प्रतिभा को मंच प्रदान करना तथा उन्हें कला और संस्कृति के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करना है। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में अभिभावकों, गणमान्य नागरिकों और कला प्रेमियों ने भाग लिया।







