कारगिल विजय दिवस
अमृत उजाला न्यूज़ | अयोध्या
कारगिल विजय दिवस के अवसर पर रविवार को सर्किट हाउस सभागार, अयोध्या धाम में अखिल भारतीय पूर्व सैनिक सेवा परिषद, अयोध्या धाम के तत्वावधान में भव्य सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में कारगिल युद्ध के वीर सैनिकों के अदम्य साहस, शौर्य और राष्ट्र के प्रति उनके सर्वोच्च बलिदान को श्रद्धापूर्वक नमन किया गया।
समारोह में समाजसेवी सुशील चतुर्वेदी ने उपस्थित पूर्व सैनिकों एवं वीर जवानों को ‘सैनिक सम्मान पत्र’ और शॉल भेंट कर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि भारतीय सैनिकों का त्याग, समर्पण और राष्ट्रभक्ति हर देशवासी के लिए प्रेरणा का स्रोत है। देश की सीमाओं की रक्षा करने वाले वीर जवानों का सम्मान करना प्रत्येक नागरिक का नैतिक दायित्व है।
कार्यक्रम के दौरान पूर्व सैनिकों ने कारगिल युद्ध से जुड़े अपने अनुभव साझा किए और शहीद सैनिकों के अदम्य साहस एवं बलिदान को याद किया। उपस्थित लोगों ने दो मिनट का मौन रखकर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की और उनके बलिदान को सदैव स्मरण रखने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर बड़ी संख्या में पूर्व सैनिक, समाजसेवी, बुद्धिजीवी और गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। सभी ने देश की सुरक्षा में अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले वीर सैनिकों के प्रति सम्मान और कृतज्ञता व्यक्त की।
कार्यक्रम का उद्देश्य कारगिल युद्ध के वीरों के शौर्य को नई पीढ़ी तक पहुंचाना तथा राष्ट्रभक्ति और सैनिक सम्मान की भावना को मजबूत करना रहा।







