विकास परियोजनाओं की देंगे सौगात, गुरु पूर्णिमा पर करेंगे विशेष पूजन
नई सड़क का उद्घाटन, विकास कार्यों का लोकार्पण-शिलान्यास और सिविल बार एसोसिएशन के शपथ ग्रहण समारोह में होंगे शामिल
गोरखपुर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 28 और 29 जुलाई को दो दिवसीय गोरखपुर दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वह जिले को कई महत्वपूर्ण विकास परियोजनाओं की सौगात देंगे, विभिन्न सार्वजनिक कार्यक्रमों में भाग लेंगे तथा गुरु पूर्णिमा के अवसर पर गोरखनाथ मंदिर में विशेष पूजन-अर्चन करेंगे।
दौरे के पहले दिन मुख्यमंत्री गोरखपुर में विभिन्न विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास करेंगे। इसी क्रम में ग्रीन सिटी से माधोपुर बंधा तक निर्मित नई सड़क का औपचारिक उद्घाटन भी करेंगे। इस सड़क के शुरू होने से क्षेत्र के लोगों को आवागमन में बड़ी सुविधा मिलने की उम्मीद है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सिविल बार एसोसिएशन के शपथ ग्रहण समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में भी शामिल होंगे और अधिवक्ताओं को संबोधित करेंगे।
दौरे के दूसरे दिन 29 जुलाई को गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर गोरक्षपीठाधीश्वर के रूप में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गोरखनाथ मंदिर में पारंपरिक गुरु पूजन करेंगे। इसके बाद वह अपने शिष्यों एवं श्रद्धालुओं को आशीर्वाद देंगे। गुरु पूर्णिमा के अवसर पर मंदिर परिसर में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए प्रशासन ने आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली हैं।
मुख्यमंत्री के दो दिवसीय दौरे को लेकर जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। कार्यक्रम स्थलों पर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं और अधिकारियों को सभी व्यवस्थाएं समय से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।







