कोटवा सड़क साधन सहकारी समिति पर खाद पहुंचने के बावजूद नहीं हुआ वितरण, धान की फसल को लेकर किसानों की बढ़ी चिंता
बाराबंकी। विकास खंड बनीकोडर क्षेत्र स्थित कोटवा सड़क सरकारी साधन सहकारी समिति पर सोमवार को खाद लेने पहुंचे सैकड़ों किसानों को घंटों इंतजार के बाद निराश होकर लौटना पड़ा। किसानों का आरोप है कि समिति के सचिव के मौके पर न पहुंचने से खाद वितरण शुरू ही नहीं हो सका।
किसानों ने बताया कि शनिवार को समिति पर खाद की खेप पहुंची थी। उस समय सचिव द्वारा सोमवार से खाद वितरण शुरू किए जाने की जानकारी दी गई थी। इसी सूचना के आधार पर सोमवार सुबह से ही बड़ी संख्या में किसान समिति पहुंच गए और लाइन में लगकर अपनी बारी का इंतजार करने लगे, लेकिन दोपहर तक वितरण शुरू नहीं हुआ।
किसान रामस्वरूप पाठक, राघवेंद्र प्रताप सिंह, कल्लू प्रसाद और राममनोहर ने बताया कि धान की रोपाई हुए करीब 15 दिन बीत चुके हैं। समय पर खाद नहीं मिलने से फसल की बढ़वार प्रभावित होने की आशंका है। उनका कहना है कि वे सुबह से बिना कुछ खाए-पिए समिति परिसर में बैठे रहे, लेकिन कोई जिम्मेदार अधिकारी नहीं पहुंचा।
किसानों का कहना है कि समिति पर साल में केवल एक बार ही पर्याप्त मात्रा में खाद उपलब्ध होती है। इस बार भी खाद गोदाम में रखी होने के बावजूद वितरण न होने से किसानों में भारी नाराजगी है। उन्होंने प्रशासन से जल्द खाद वितरण शुरू कराने और किसानों की समस्या का समाधान करने की मांग की है।







