जिला कांग्रेस कार्यालय में आयोजित श्रद्धांजलि सभा में नेताओं ने याद किए ‘मिसाइल मैन’ के आदर्श, युवाओं से उनके विचार अपनाने का आह्वान
गोरखपुर। जिला कांग्रेस कमेटी गोरखपुर की ओर से सोमवार को जिला अध्यक्ष राजेश कुमार तिवारी के नेतृत्व में भारत के पूर्व राष्ट्रपति, महान वैज्ञानिक और ‘मिसाइल मैन’ डॉ. ए.पी.जे. अब्दुल कलाम की पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। इस दौरान कांग्रेस नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर भावभीनी श्रद्धांजलि दी और उनके व्यक्तित्व एवं कृतित्व को याद किया।
श्रद्धांजलि सभा को संबोधित करते हुए जिला कांग्रेस अध्यक्ष राजेश कुमार तिवारी ने कहा कि डॉ. ए.पी.जे. अब्दुल कलाम ने अपने ज्ञान, सादगी, राष्ट्रभक्ति और वैज्ञानिक दृष्टिकोण से देश को नई दिशा दी। उनका जीवन युवाओं को बड़े सपने देखने और उन्हें साकार करने की प्रेरणा देता है। उन्होंने विज्ञान, शिक्षा और राष्ट्र निर्माण के क्षेत्र में अतुलनीय योगदान देकर देश को गौरवान्वित किया।
उन्होंने कहा कि डॉ. कलाम का संपूर्ण जीवन ईमानदारी, समर्पण और कर्मठता का प्रतीक रहा। आज आवश्यकता है कि देश का प्रत्येक नागरिक उनके आदर्शों को आत्मसात करते हुए एक सशक्त, शिक्षित और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में अपनी सक्रिय भूमिका निभाए।
इस अवसर पर प्रमोद नायक, सत्येंद्र कुमार निषाद, श्रीश उपाध्याय, जयनारायण शुक्ला, महेंद्र नाथ मिश्रा, गणेश मिश्रा, ज्ञानेंद्र शाही, संतोष उपाध्याय, राजेश निषाद, उत्कर्ष पांडेय, विशाल त्रिपाठी, संतोष शुक्ला, रामनगीना साहनी, विवेकानंद यादव, रामसमुझ सावरा, मोहम्मद इरफान, शैलेंद्र बल्लभ पांडेय, हृदय शंकर यादव, अभिषेक श्रीवास्तव, आयुष श्रीवास्तव सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और पदाधिकारी उपस्थित रहे।







