बाराबंकी के गोरपुर गांव में हादसा, चाय बनाते समय गैस लीकेज से भड़की आग, जिला अस्पताल रेफर
बाराबंकी। कोतवाली क्षेत्र के ग्राम गोरपुर में सोमवार को गैस सिलेंडर से गैस रिसाव होने के कारण भीषण आग लग गई। हादसे में एक महिला और उसका भाई गंभीर रूप से झुलस गए। दोनों को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर किया गया है।
जानकारी के अनुसार गोरपुर निवासी गीता देवी (65) के घर उनके भाई रामगनेश (40) निवासी न्यौछना आए हुए थे। गीता देवी भाई के लिए चाय बनाने रसोई में गईं और गैस सिलेंडर का रेगुलेटर खोल दिया। इसके बाद वह माचिस लेने बाहर चली गईं। लौटकर जैसे ही उन्होंने माचिस जलाई, कमरे में गैस रिसाव के कारण जमा गैस ने आग पकड़ ली और देखते ही देखते पूरा कमरा आग की लपटों से घिर गया।
आग की चपेट में सबसे पहले गीता देवी आ गईं। उनकी चीख-पुकार सुनकर भाई रामगनेश उन्हें बचाने के लिए दौड़े, लेकिन आग बुझाने के प्रयास में वह भी गंभीर रूप से झुलस गए।
शोर सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। इसके बाद दोनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रामसनेहीघाट पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उनकी गंभीर हालत को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी का माहौल रहा। लोगों ने गैस सिलेंडर और रसोई गैस के सुरक्षित उपयोग को लेकर सावधानी बरतने की अपील की।







