कांवड़ियों की सुरक्षा व सुगम दर्शन पर विशेष जोर
बाराबंकी। आगामी श्रावण मास (30 जुलाई से 28 अगस्त 2026) एवं श्रावण शिवरात्रि (11 अगस्त 2026) के मद्देनजर जिलाधिकारी ईशान प्रताप सिंह की अध्यक्षता में सोमवार को कलेक्ट्रेट स्थित लोक सभागार में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रमुख शिवालयों पर श्रद्धालुओं और कांवड़ियों की सुरक्षा, सुगम दर्शन, यातायात प्रबंधन तथा आवश्यक व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा की गई।
बैठक में श्री लोधेश्वर महादेव (रामनगर), नागदेवता मंदिर मजीठा, अवसानेश्वर महादेव (हैदरगढ़), नागेश्वरनाथ मंदिर, सिद्धेश्वर महादेव, फतेहपुर, मसौली, घुंघटेर, देवा, कुर्सी समेत अन्य प्रमुख शिवालयों की तैयारियों का संबंधित उपजिलाधिकारियों से बिंदुवार जायजा लिया गया।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि सभी मंदिरों पर पेयजल, साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था, बैरिकेडिंग, पार्किंग, चिकित्सा सुविधा, कंट्रोल रूम, सीसीटीवी कैमरे, पर्याप्त पुलिस बल एवं स्वयंसेवकों की समय से तैनाती सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि कांवड़ यात्रा मार्गों पर सुरक्षा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता रहे और किसी भी प्रकार की अव्यवस्था न होने पाए।
उन्होंने निर्देशित किया कि कांवड़ मार्ग पर पड़ने वाली मांस एवं अंडे की दुकानें प्रत्येक रविवार और सोमवार को बंद रहें। साथ ही बाराबंकी-रामनगर मुख्य मार्ग पर रविवार दोपहर 12 बजे से सोमवार दोपहर तक रोडवेज बसों का डायवर्जन तथा इस अवधि में भारी वाहनों के आवागमन पर पूर्ण प्रतिबंध लागू किया जाए, ताकि श्रद्धालुओं को सुरक्षित और निर्बाध आवागमन मिल सके।
जिलाधिकारी ने विद्युत विभाग को प्रमुख शिवालयों एवं कांवड़ मार्गों पर निर्बाध और सुरक्षित बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने अवैध बिजली कनेक्शन और कटिया डालकर बिजली उपयोग पर सख्त कार्रवाई करने, खुले तारों को तत्काल ठीक कराने तथा पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने के आदेश दिए।
पुलिस अधीक्षक अर्पित विजयवर्गीय ने अधिकारियों को संवेदनशील स्थलों का नियमित निरीक्षण करने, भीड़ नियंत्रण एवं यातायात प्रबंधन की प्रभावी व्यवस्था लागू करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ड्यूटी पर तैनात सभी अधिकारी और कर्मचारी श्रद्धालुओं एवं कांवड़ियों के साथ मित्रवत और सम्मानजनक व्यवहार करें तथा आवश्यकता पड़ने पर तत्काल सहायता उपलब्ध कराएं।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी अन्ना सुदन, एडीएम निरंकार सिंह, एएसपी उत्तरी विकास चंद्र त्रिपाठी, सीएमओ डॉ. रंजन गौतम, एसडीएम नवाबगंज/जॉइंट मजिस्ट्रेट गुंजिता अग्रवाल, जॉइंट मजिस्ट्रेट विद्यांशु शेखर झा, सभी उपजिलाधिकारी, क्षेत्राधिकारी, प्रमुख मंदिरों के पुजारी एवं समिति के सदस्य सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।







