धनघटा पुलिस की बड़ी कार्रवाई
संतकबीरनगर। पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना के निर्देशन में चलाए जा रहे ऑपरेशन क्लीन अभियान के तहत थाना धनघटा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए विभिन्न आबकारी अधिनियम के मामलों में बरामद 375 लीटर अवैध कच्ची शराब को नियमानुसार नष्ट कर दिया। कार्रवाई अपर पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार सिंह के मार्गदर्शन, क्षेत्राधिकारी धनघटा अभयनाथ मिश्र के पर्यवेक्षण तथा प्रभारी निरीक्षक दिलीप सिंह के नेतृत्व में संपन्न हुई।
पुलिस के अनुसार वर्ष 2026 में आबकारी अधिनियम के तहत दर्ज 46 मुकदमों से संबंधित 375 लीटर अवैध कच्ची शराब थाना मालखाने में सुरक्षित रखी गई थी। लंबे समय तक भंडारण के कारण बरसात, सीलन और चूहों से शराब के डिब्बे क्षतिग्रस्त हो रहे थे, जिससे रिसाव और दुर्गंध की स्थिति उत्पन्न हो गई थी। इससे संक्रमण और संक्रामक बीमारियों के फैलने की आशंका भी बनी हुई थी।
अधिकांश मामलों में आवश्यक तकनीकी परीक्षण पूर्ण होने तथा आरोप पत्र अथवा अंतिम रिपोर्ट न्यायालय में भेजे जाने के बाद उपजिलाधिकारी धनघटा के आदेश पर सोमवार को उपजिला मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में गड्ढा खोदकर पूरी अवैध शराब को नियमानुसार नष्ट कराया गया।
इस दौरान प्रभारी निरीक्षक दिलीप सिंह, निरीक्षक अपराध रामेश्वर यादव, मुख्य आरक्षी बाबूलाल देवमूर्ति सहित थाना धनघटा का पुलिस बल एवं अन्य प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।
पुलिस प्रशासन ने कहा कि जब्त आबकारी माल का समयबद्ध निस्तारण आगे भी जारी रहेगा, ताकि मालखानों में अनावश्यक भंडारण न हो और जनस्वास्थ्य पर किसी प्रकार का प्रतिकूल प्रभाव न पड़े।







