परिवार नियोजन को बढ़ावा देने के लिए 150 गांवों में चलेगी मोबाइल वैन
श्रावस्ती। विश्व जनसंख्या दिवस के अवसर पर स्वास्थ्य विभाग एवं पॉपुलेशन फाउंडेशन ऑफ इंडिया द्वारा संचालित उम्मीद परियोजना के तहत सोमवार को जिला स्तरीय वर्किंग ग्रुप की बैठक आयोजित की गई। इस दौरान जिलाधिकारी अन्नपूर्णा गर्ग ने सामाजिक एवं व्यवहार परिवर्तन संचार (SBCC) अभियान ‘इतनी भी क्या जल्दी है?!!!’ तथा पुरुष सहभागिता बढ़ाने के उद्देश्य से ‘देश बदलेगा जब मर्द बदलेगा’ अभियान का शुभारंभ किया।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी, मुख्य चिकित्साधिकारी तथा स्वास्थ्य, शिक्षा, ग्राम्य विकास, महिला एवं बाल विकास एवं एनआरएलएम समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
परिवार नियोजन के प्रति बढ़ाई जाएगी जागरूकता
जिलाधिकारी अन्नपूर्णा गर्ग ने बताया कि ‘इतनी भी क्या जल्दी है?!!!’ अभियान का उद्देश्य पोस्टर, लघु फिल्म, जिंगल और अन्य जनसंचार माध्यमों के जरिए परिवार नियोजन के प्रति जागरूकता बढ़ाना है। अभियान के प्रमुख संदेशों में सही उम्र में विवाह, पहले बच्चे में उचित अंतराल, दो बच्चों के बीच पर्याप्त अंतर तथा आपातकालीन गर्भनिरोधक गोली के सही उपयोग को शामिल किया गया है।
इस अवसर पर अभियान से संबंधित पोस्टरों का विमोचन किया गया तथा जागरूकता बढ़ाने वाली लघु फिल्मों और जिंगल्स को भी जारी किया गया।
150 गांवों में पहुंचेगी मोबाइल प्रचार वैन
कार्यक्रम के दौरान जिलाधिकारी ने तीन चयनित विकासखंडों के 150 गांवों में परिवार नियोजन का प्रचार-प्रसार करने के लिए मोबाइल वैन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। मोबाइल वैन के माध्यम से गांवों में फिल्म प्रदर्शन, जिंगल्स का प्रसारण, हैंडबिल वितरण और परिवार नियोजन संबंधी परामर्श सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
अंतर्विभागीय समन्वय पर दिया जोर
जिलाधिकारी ने कहा कि अभियान की सफलता के लिए सभी विभागों का समन्वय आवश्यक है। उन्होंने अधिकारियों से अपील की कि अभियान की सामग्री, फिल्में और संदेशों को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाया जाए, ताकि परिवार नियोजन से जुड़ी भ्रांतियां दूर हों और इसकी स्वीकार्यता बढ़े।
तीन माह तक चलेगा विशेष अभियान
मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. अशोक कुमार सिंह ने बताया कि अभियान के तहत ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों माध्यमों से व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाएगा। चयनित गांवों में जुलाई से सितंबर तक मोबाइल वैन के जरिए जागरूकता कार्यक्रम आयोजित होंगे। आशा कार्यकर्ताओं के सहयोग से परिवार नियोजन के साधनों का वितरण किया जाएगा तथा काउंसलर ग्रामीणों को आवश्यक परामर्श देंगे। फिल्म प्रदर्शन के दौरान सही उत्तर देने वाले प्रतिभागियों को प्रोत्साहन स्वरूप पुरस्कार भी दिए जाएंगे।
बैठक में अपर मुख्य चिकित्साधिकारी (आरसीएच) डॉ. उदय नाथ, पॉपुलेशन फाउंडेशन ऑफ इंडिया के जनपदीय प्रतिनिधि आनंद कुमार सिंह, मोबियस फाउंडेशन के प्रतिनिधि प्रभात कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।News







