परिजनों ने लगाया हत्या का आरोप
उन्नाव। सदर कोतवाली क्षेत्र के बुद्धीखेड़ा गांव निवासी एक शटरिंग कारोबारी का शव सोमवार सुबह गांव से करीब 750 मीटर दूर राजेपुर पतारी स्थित शराब ठेके के पास मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। परिजनों ने दोस्तों पर हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस ने पैनल से पोस्टमार्टम कराकर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, बुद्धीखेड़ा गांव निवासी अजय कुमार उर्फ गुड्डू (27) लखनऊ में रहकर शटरिंग लगाने का काम करता था। वह रविवार को घर आया था। उसकी बहन विजय लक्ष्मी ने बताया कि अजय शराब का आदी था। रविवार शाम करीब चार बजे वह गांव के मोड़ तक जाने की बात कहकर घर से निकला था, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटा। काफी तलाश के बाद भी उसका कोई सुराग नहीं मिला।
सोमवार सुबह ग्रामीणों ने गांव से करीब 750 मीटर दूर राजेपुर पतारी स्थित शराब ठेके के पास अजय का शव पड़ा देखा। सूचना मिलते ही परिजन और पुलिस मौके पर पहुंची।
मृतक की बहन ने आरोप लगाया कि अजय की किसी से कोई पुरानी रंजिश नहीं थी, लेकिन नशे की हालत में उसके दोस्तों से अक्सर कहासुनी हो जाती थी। उनका आरोप है कि उन्हीं लोगों ने अजय की हत्या की है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने पैनल के माध्यम से पोस्टमार्टम कराया। पोस्टमार्टम में मृतक के सिर, गर्दन और पेट पर चार गंभीर चोटों के निशान मिले हैं। हालांकि, मौत का स्पष्ट कारण सामने नहीं आने पर चिकित्सकों ने विसरा सुरक्षित कर लिया है, जिसकी जांच रिपोर्ट के बाद ही मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट होगी।
कोतवाली प्रभारी चंद्रकांत मिश्र ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। अभी तक परिजनों की ओर से कोई तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने और जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।







