अपहरण के आरोपी युवक को पुलिस ने भेजा जेल
इंस्टाग्राम फोटो से मिला सुराग, मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर बढ़ सकती हैं गंभीर धाराएं
सरोजनीनगर (लखनऊ)। सरोजनीनगर पुलिस ने करीब साढ़े तीन माह पहले लापता हुई 17 वर्षीय नाबालिग किशोरी को सकुशल बरामद कर अपहरण के आरोपी युवक को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार, किशोरी के परिजनों ने 19 जुलाई 2026 को रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उनकी बेटी 15 अप्रैल को लापता हो गई थी। जांच के दौरान इंस्टाग्राम पर आरोपी सुमित रावत द्वारा किशोरी के साथ साझा की गई तस्वीरों के आधार पर पुलिस को अहम सुराग मिला। इसके बाद 27 जुलाई को बुद्धेश्वर क्षेत्र से किशोरी को बरामद कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस ने बताया कि किशोरी का मेडिकल परीक्षण कराया जा रहा है। यदि मेडिकल रिपोर्ट और न्यायालय में दर्ज बयान में यौन उत्पीड़न की पुष्टि होती है, तो आरोपी के विरुद्ध संबंधित गंभीर धाराएं और पॉक्सो अधिनियम भी जोड़ा जाएगा। फिलहाल आरोपी को न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया है और मामले की जांच जारी है।







