औरैया। अजीतमल कोतवाली पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान 25 हजार रुपये के इनामी वांछित आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक, चेकिंग के दौरान आरोपी को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन वह बाइक लेकर भागने लगा। इसी दौरान उसकी बाइक फिसल गई और वह सड़क पर गिर गया।
पीछा कर रही पुलिस टीम पर की फायरिंग
पुलिस के अनुसार, बाइक से गिरने के बाद आरोपी ने पीछा कर रही पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। पुलिस टीम ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की। इस दौरान आरोपी के पैर में गोली लग गई, जिससे वह घायल होकर मौके पर गिर पड़ा। इसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। घायल आरोपी को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज कराया जा रहा है।
30 जुलाई की गोकशी की घटना में था वांछित
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपी इस्लामनगर, अजीतमल निवासी वारिस हुसैन उर्फ राजा पुत्र सादिक है। वह 30 जुलाई की रात हुई गोकशी की घटना में वांछित चल रहा था। पुलिस ने उसकी गिरफ्तारी पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। मामले में आगे की जांच की जा रही है।






















