अलीगंज, एटा: स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में बुधवार को ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत अलीगंज नगर में तिरंगा यात्रा निकाली गई। क्षेत्रीय विधायक ठाकुर सतपाल सिंह राठौड़ के नेतृत्व में आयोजित इस यात्रा में भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों ने हिस्सा लिया। हाथों में तिरंगा थामे सैकड़ों लोगों की सहभागिता से पूरा कस्बा देशभक्ति के रंग में रंगा नजर आया।
एसपीएस रिसॉर्ट से शुरू हुई तिरंगा यात्रा
तिरंगा यात्रा का शुभारंभ एसपीएस रिसॉर्ट से हुआ। यात्रा मैनपुरी रोड होते हुए सराय अड्डा, माताजी चौक, गांधी चौराहा, मेन बाजार, तहसील चौराहा और नगला पड़ाव से होते हुए पूरे कस्बे में भ्रमण कर वापस एसपीएस रिसॉर्ट पहुंची, जहां यात्रा का समापन हुआ। इस दौरान कार्यकर्ताओं और लोगों ने हाथों में तिरंगा लेकर ‘वंदे मातरम’, ‘भारत माता की जय’ और ‘इंकलाब जिंदाबाद’ के नारे लगाए। देशभक्ति गीतों के बीच पूरे नगर में उत्साह और जोश का माहौल बना रहा।
महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों ने भी लिया हिस्सा
तिरंगा यात्रा में क्षेत्र की महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों ने भी बढ़-चढ़कर भाग लिया। बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों की मौजूदगी ने कार्यक्रम को और भव्य बना दिया। लोगों ने राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान और देशभक्ति की भावना का संदेश दिया।
ग्राम अमरोली में भी निकली तिरंगा यात्रा
ग्राम अमरोली में भी तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया। इसका शुभारंभ नवीन तोमर ने किया। ग्रामीणों ने हाथों में तिरंगा लेकर देशभक्ति के नारों के साथ यात्रा में हिस्सा लिया।
राष्ट्रीय चेतना और देशभक्ति की भावना जगाना उद्देश्य
क्षेत्रीय विधायक ठाकुर सतपाल सिंह राठौड़ ने कहा कि तिरंगा यात्रा का मुख्य उद्देश्य आम नागरिकों में राष्ट्रीय चेतना और देशभक्ति की भावना को जागृत करना है। साथ ही राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान और गौरव की भावना को मजबूत करना है। उन्होंने क्षेत्र के लोगों, विशेषकर बच्चों से अपील की कि वे अपने-अपने घरों और प्रतिष्ठानों पर तिरंगा फहराएं और देशभक्ति की भावना को आगे बढ़ाएं।
पुलिस बल रहा तैनात
तिरंगा यात्रा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस बल भी तैनात रहा। थाना प्रभारी रुपेश वर्मा और कस्बा इंचार्ज मनीष बालियान के नेतृत्व में पुलिसकर्मी यात्रा के दौरान मौजूद रहे और सुरक्षा व्यवस्था संभाली।
ये लोग रहे मौजूद
कार्यक्रम में सुभाष, बर्मा वर्मा, जितेंद्र सिंह राठौड़, बल्लू प्रधान, डिंपल राठौर, कुलदीप मिश्रा, कन्हैया शर्मा, भानु प्रताप, अभय, सुखबीर सिंह, पीयूष शाक्य, दिनेश गुप्ता, लोकपाल शाक्य, आशीष राजपूत, भोपाल शर्मा सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता और स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।
रिपोर्ट: दिलीप सिंह, अलीगंज, एटा






















