Jalesar Tree Plantation News: अलीगढ़ मंडल की मंडलीय वन आयुक्त श्रद्धा यादव ने जलेसर तहसील क्षेत्र में वन विभाग की ओर से कराए गए वृक्षारोपण कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने नगर के रेलवे रोड और रेलवे स्टेशन परिसर में लगाए गए पौधों का जायजा लिया और पौधों की स्थिति की जानकारी ली।
रेलवे स्टेशन परिसर में पौधरोपण का लिया जायजा
मंडलीय वन आयुक्त श्रद्धा यादव ने रेलवे स्टेशन परिसर में कराए गए वृक्षारोपण का निरीक्षण किया। उन्होंने स्टेशन अधीक्षक एसएस मीणा द्वारा कराए गए पौधरोपण और पूर्व में विकसित किए गए गार्डन की सराहना की। उन्होंने कहा कि रेलवे स्टेशन सहित अन्य स्थानों पर संबंधित विभागों की सहमति के बाद पौधों की सुरक्षा के लिए आयरन ट्री गार्ड लगवाने की संभावनाओं पर संबंधित अधिकारियों से संपर्क किया जाए। इसके लिए उन्होंने अधीनस्थ अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
ट्री गार्ड के लिए बजट नहीं, पौधों की सुरक्षा पर सवाल
निरीक्षण के दौरान पौधों की सुरक्षा के लिए ट्री गार्ड लगाए जाने को लेकर सवाल भी उठे। मंडलीय वन आयुक्त श्रद्धा यादव ने बताया कि इस वर्ष पौधों की सुरक्षा के लिए ट्री गार्ड खरीदने का कोई बजट उपलब्ध नहीं कराया गया है। इसी वजह से इस बार बिना ट्री गार्ड के ही पौधरोपण किया गया है। बिना ट्री गार्ड के पौधों की सुरक्षा कैसे सुनिश्चित की जाएगी, इस सवाल पर मंडलीय वन आयुक्त कोई स्पष्ट जवाब नहीं दे सकीं। ऐसे में लगाए गए पौधों की सुरक्षा और उनके संरक्षण को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं।
अधिकारी और कर्मचारी रहे मौजूद
निरीक्षण के दौरान जनपद के प्रभागीय वन निदेशक एटा एसके सिंह, क्षेत्रीय वनाधिकारी गिरजेश तिवारी सहित वन विभाग के कई अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
रिपोर्ट: प्रवेंद्र शर्मा, जलेसर, एटा






















