बहराइच: थाना जरवल क्षेत्र में बाढ़ के पानी ने एक बुजुर्ग को अपने आगोश में ले लिया। बाबा कुट्टी निवासी करीब 60 वर्षीय धनीराम यादव भैंस चराने के दौरान बाढ़ के पानी में फंस गए और नदी पार करते समय अचानक लापता हो गए। घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
बताया जा रहा है कि धनीराम यादव भैंस की पूंछ पकड़कर बाढ़ के पानी को पार करने की कोशिश कर रहे थे। इसी दौरान अचानक उनका हाथ भैंस की पूंछ से छूट गया और देखते ही देखते वह गहरे पानी में डूब गए। आसपास मौजूद लोगों ने उन्हें बचाने की कोशिश की, लेकिन पानी का तेज बहाव होने के कारण सफलता नहीं मिल सकी।
बुजुर्ग के लापता होने की सूचना मिलते ही स्थानीय स्तर पर उनकी तलाश शुरू कर दी गई। गोताखोर लगातार बाढ़ के पानी में धनीराम यादव को खोज रहे हैं। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुटी हुई है और परिजन भी अपनों की तलाश में उम्मीद लगाए बैठे हैं।
फिलहाल धनीराम यादव का कोई पता नहीं चल सका है। स्थानीय लोगों के मुताबिक बाढ़ के पानी में बहाव काफी तेज है, जिससे तलाश में दिक्कत आ रही है। थाना जरवल क्षेत्र में हुए इस हादसे के बाद इलाके में चिंता का माहौल है।





















