सोनभद्र में वाराणसी-शक्तिनगर राजमार्ग पर सड़क के बीच बना करीब ढाई फीट गहरा गड्ढा राहगीरों और वाहन चालकों के लिए खतरा बन गया है। डाला पुलिस चौकी क्षेत्र में बाड़ी खन्ना कैंप के सामने स्टेट हाईवे पर बने इस गड्ढे में पानी भरने से स्थिति और गंभीर हो गई है। इसी वजह से एक ऑटो अनियंत्रित होकर पलट गया, हालांकि बड़ा हादसा टल गया।
स्थानीय लोगों के मुताबिक सड़क के बीच अचानक गड्ढा सामने आने से दोपहिया वाहन, ऑटो और कार चालक अक्सर अपना संतुलन खो बैठते हैं। पानी भरा होने के कारण गड्ढे की गहराई का अंदाजा नहीं लग पाता। कई वाहन चालक गिरकर चोटिल हो चुके हैं, जबकि ऑटो पलटने की घटनाएं भी सामने आ रही हैं।
क्षेत्रवासियों का कहना है कि इस मार्ग पर दिन-रात बड़ी संख्या में छोटे-बड़े वाहनों का आवागमन होता है। रात के समय खतरा और बढ़ जाता है, क्योंकि पर्याप्त रोशनी न होने पर गड्ढा दूर से दिखाई नहीं देता। कुछ दिन पहले मारकुंडी ग्राम प्रधान उधम सिंह यादव की बुलेट भी इसी गड्ढे में अनियंत्रित हो गई थी, जिससे वह गिरकर घायल हो गए थे और उनका इलाज अभी चल रहा है।
लगातार हादसों के बावजूद सड़क की स्थायी मरम्मत नहीं होने से स्थानीय लोगों में नाराजगी है। क्षेत्रवासियों ने संबंधित विभाग से तत्काल सड़क की मरम्मत कराने और करीब ढाई फीट गहरे गड्ढे को भरने की मांग की है। लोगों का कहना है कि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो यह गड्ढा किसी बड़े हादसे का कारण बन सकता है।





















