श्रावस्ती में आम लोगों को सुगम और सुरक्षित यातायात उपलब्ध कराने के लिए पुलिस ने सड़क किनारे किए गए अवैध अतिक्रमण के खिलाफ अभियान चलाया। पुलिस अधीक्षक राहुल भाटी के निर्देशन में 18 अगस्त को जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में कार्रवाई की गई। अभियान के दौरान सड़क किनारे लगे ठेले, रेहड़ी, दुकानों और खड़े वाहनों को हटवाया गया।
इसी क्रम में इकौना थाना पुलिस ने कस्बा इकौना में पैदल गश्त करते हुए सड़क की पटरियों पर किए गए अतिक्रमण को हटवाया। पुलिस ने सड़क किनारे सार्वजनिक रास्ते को घेरकर कारोबार करने या सामान रखने वालों को अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए।
अभियान के दौरान पुलिस ने अतिक्रमण करने वालों को सख्त चेतावनी दी कि भविष्य में सार्वजनिक मार्गों पर दोबारा कब्जा न किया जाए। दुकानदारों और आम लोगों से भी यातायात व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की गई।
पुलिस के मुताबिक कार्रवाई का उद्देश्य सड़क और सार्वजनिक स्थानों को अतिक्रमण मुक्त रखना है, ताकि लोगों को आवागमन में परेशानी न हो और यातायात व्यवस्था सुचारु बनी रहे। पुलिस ने आगे भी जरूरत के अनुसार ऐसे अभियान जारी रखने की बात कही है।





















