UPTET Result 2026: उत्तर प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा यानी UPTET 2026 में शामिल लाखों उम्मीदवार अब अपने परिणाम का इंतजार कर रहे हैं। माना जा रहा है कि उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग (UPESSC) जल्द ही परीक्षा का रिजल्ट जारी कर सकता है। हालांकि, आयोग ने अभी तक नतीजे जारी करने की कोई निश्चित तारीख घोषित नहीं की है। रिजल्ट आने के बाद अभ्यर्थी आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर अपना स्कोरकार्ड चेक और डाउनलोड कर सकेंगे। दरअसल, परीक्षा खत्म होने के बाद 8 जुलाई को प्रोविजनल आंसर-की जारी की गई थी। अभ्यर्थियों को इसमें दर्ज उत्तरों पर आपत्ति दर्ज कराने के लिए 14 जुलाई की रात 11:59 बजे तक का समय दिया गया था। अब प्राप्त आपत्तियों की समीक्षा के बाद तैयार की गई फाइनल आंसर-की के आधार पर परिणाम तैयार किया जाएगा।
17 लाख से ज्यादा अभ्यर्थियों ने दी परीक्षा
UPTET 2026 की परीक्षा 2, 3 और 4 जुलाई को आयोजित की गई थी। परीक्षा प्रदेश के 60 जिलों में बनाए गए 955 केंद्रों पर हुई थी। इसमें कुल 17,70,714 अभ्यर्थी शामिल हुए थे। परीक्षा के बाद से ही उम्मीदवार परिणाम जारी होने का इंतजार कर रहे हैं।
UPTET पास करने के लिए कितने अंक जरूरी?
UPTET परीक्षा में प्रत्येक पेपर 150 अंकों का होता है। अलग-अलग वर्ग के लिए न्यूनतम अर्हता अंक निर्धारित हैं।
सामान्य वर्ग: 60 प्रतिशत यानी 90 अंक
OBC, SC, ST और EWS: 55 प्रतिशत यानी 82 अंक
दिव्यांग और भूतपूर्व सैनिक: 55 प्रतिशत यानी 82 अंक
पेपर 1 और पेपर 2 दोनों का आएगा रिजल्ट
UPTET 2026 में पेपर 1 और पेपर 2 के लिए परिणाम अलग-अलग जारी किया जाएगा। रिजल्ट जारी होने के बाद उम्मीदवार अपनी जरूरी लॉगिन जानकारी दर्ज करके अपना स्कोर देख सकेंगे।
UPTET Result 2026 ऐसे करें चेक
रिजल्ट जारी होने के बाद अभ्यर्थियों को सबसे पहले UPESSC की आधिकारिक वेबसाइट पर जाना होगा। इसके बाद UPTET 2026 Result के लिंक पर क्लिक करना होगा। मांगी गई लॉगिन डिटेल भरकर सबमिट करने पर स्क्रीन पर परिणाम दिखाई देगा। उम्मीदवार अपने स्कोरकार्ड को डाउनलोड करके भविष्य के लिए सुरक्षित रख सकते हैं।
कहां मिलेगा रिजल्ट का लिंक?
नतीजे जारी होने के बाद रिजल्ट का लिंक upessc.up.gov.in पर उपलब्ध कराया जाएगा। अभ्यर्थियों को सलाह है कि रिजल्ट से जुड़ी किसी भी जानकारी के लिए आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर ही भरोसा करें।
UPTET सर्टिफिकेट की वैधता कितने साल रहेगी?
UPTET क्वालिफाई करने वाले उम्मीदवारों को पात्रता प्रमाणपत्र दिया जाएगा। इसकी वैधता अब आजीवन कर दी गई है। यानी अभ्यर्थियों को एक निश्चित अवधि के बाद दोबारा UPTET प्रमाणपत्र को रिन्यू कराने की जरूरत नहीं होगी।





















