बहराइच में बाढ़ से प्रभावित ग्रामीणों का हाल जानने के लिए प्रभारी मंत्री दिनेश प्रताप सिंह मोतीपुर तहसील क्षेत्र पहुंचे। उन्होंने ट्रैक्टर पर सवार होकर बाढ़ प्रभावित गांवों का दौरा किया और मौके पर ग्रामीणों से मुलाकात कर उनकी परेशानियां सुनीं। पानी के बीच मंत्री के पहुंचने पर ग्रामीणों ने उन्हें अपनी समस्याओं से अवगत कराया।
प्रभारी मंत्री ने बाढ़ प्रभावित लोगों के बीच राहत सामग्री भी वितरित की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रभावित परिवारों तक पीने का पानी, खाद्य सामग्री और लंच पैकेट समेत जरूरी राहत सामग्री समय से पहुंचाई जाए। मंत्री ने कहा कि बाढ़ के इस मुश्किल समय में किसी भी परिवार को मदद के लिए परेशान नहीं होना चाहिए।
दिनेश प्रताप सिंह ने दर्जनों गांवों का भ्रमण कर बाढ़ की स्थिति का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों से सीधे बातचीत कर यह जानने की कोशिश की कि उन्हें किन समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने अधिकारियों से राहत और बचाव कार्य में तेजी लाने के साथ-साथ प्रभावित लोगों को हर संभव सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
मंत्री के दौरे के दौरान स्थानीय जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारी भी मौजूद रहे। प्रशासन की टीम को बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखने और जरूरतमंद परिवारों तक राहत पहुंचाने के निर्देश दिए गए हैं। ग्रामीणों के लिए इस वक्त सबसे बड़ी चिंता रोजमर्रा की जरूरतों और सुरक्षित आवागमन की है, ऐसे में प्रशासन का दावा है कि राहत कार्य लगातार जारी रहेगा।





















