औरैया। बेला थाना क्षेत्र में बेला-दिबियापुर मार्ग पर नीमहार मोड़ के सामने शुक्रवार को हुए भीषण सड़क हादसे में घायल बाइक सवार युवक की सैफई में इलाज के दौरान मौत हो गई। हादसे में तेज रफ्तार स्कार्पियो और बाइक की आमने-सामने भिड़ंत हुई थी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। हादसे के बाद स्कार्पियो चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने दोनों वाहनों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
कन्नौज जिले के सकरावा थाना क्षेत्र के नगला खेमकरन गांव निवासी उदय प्रताप (35) पुत्र वृंदावन लाल शुक्रवार को बाइक से बेला की ओर जा रहे थे। बताया गया कि वह सहार में रह रही अपनी पत्नी प्रीति से मिलने आए थे। नीमहार मोड़ के पास सामने से आ रही तेज रफ्तार स्कार्पियो से उनकी बाइक की सीधी भिड़ंत हो गई। टक्कर के बाद उदय प्रताप उछलकर सड़क किनारे खड्ड में जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे की सूचना पर पहुंची पुलिस ने उन्हें एंबुलेंस से सीएचसी सहार भेजा, जहां से हालत गंभीर होने पर आगे उपचार कराया गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक हादसे के बाद स्कार्पियो चालक वाहन लेकर भागने की कोशिश करने लगा, लेकिन कुछ दूर जाने के बाद गाड़ी का अगला टायर फट गया। चालक स्कार्पियो को वहीं छोड़कर फरार हो गया। बताया गया कि वाहन में महिला और बच्चे भी सवार थे, जिन्हें पीछे से आई दूसरी कार में बैठाकर वहां से भेज दिया गया। पुलिस ने मौके से क्षतिग्रस्त बाइक और स्कार्पियो को कब्जे में लेकर थाने में खड़ा करा दिया है। थाना प्रभारी निरीक्षक ललितेश नारायण त्रिपाठी के अनुसार, फरार चालक की तलाश की जा रही है।
परिजनों के मुताबिक उदय प्रताप पिछले करीब आठ वर्षों से बिजली विभाग में संविदा पर कार्यरत थे और सौरिख क्षेत्र में तैनात थे। वह परिवार से मिलने के लिए आए थे, लेकिन सड़क हादसे ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया। उदय प्रताप की शादी वर्ष 2010 में प्रीति से हुई थी और उनके दो बेटे दीपांशु (13) और मयंक (8) हैं। मौत की खबर मिलते ही पत्नी, बच्चों और अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। तीन भाइयों में मंझले उदय प्रताप की मौत से गांव में भी शोक का माहौल है।





















