बहराइच के फखरपुर थाना क्षेत्र के अजीजपुर स्थित बालाजी धर्मकांटा पर देर रात उस समय हड़कंप मच गया, जब कुछ लोग धर्मकांटा परिसर में पहुंचे और स्टाफ के साथ मारपीट करने लगे। स्टाफ के मुताबिक करीब 7 से 8 लोग खिड़की तोड़कर अंदर दाखिल हुए और कांटा बाबू समेत कर्मचारियों के साथ मारपीट की। घटना में कई लोगों को चोटें आई हैं।
धर्मकांटा स्टाफ रमन पाठक ने आरोप लगाया कि हमलावरों ने लूटपाट और फायरिंग भी की। उनका कहना है कि कांटा बाबू प्रिंस मिश्रा के हाथ में गोली लगी है। घायल प्रिंस मिश्रा गोंडा जनपद के रहने वाले बताए जा रहे हैं। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया और घायल स्टाफ को इलाज के लिए ले जाया गया।
वहीं पुलिस पूरे मामले को फिलहाल संदिग्ध मानकर जांच कर रही है। क्षेत्राधिकारी डीके श्रीवास्तव के मुताबिक मौके से गोली या छर्रे बरामद नहीं हुए हैं। शुरुआती जांच में किसी विवाद के चलते मारपीट की घटना होने की संभावना जताई जा रही है। पुलिस घटनास्थल के साथ-साथ घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच में जुटी है।
घटना को लेकर धर्मकांटा स्टाफ के बयान और पुलिस की जांच के बाद ही तस्वीर पूरी तरह साफ हो पाएगी। फिलहाल घायल कांटा बाबू और स्टाफ के आरोपों ने मामले को गंभीर बना दिया है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि आखिर धर्मकांटा पर विवाद की शुरुआत किस बात को लेकर हुई और घटना में वास्तव में क्या हुआ।





















